देव दीपावली का त्योहार कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि पर मनाया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा की शाम जब काशी में गंगा किनारे दीये जलते हैं, तो दीयों की रोशनी अंधकार को चीरती हुई चारों ओर प्रकाश फैलाती है। देव दीपावली की शाम गंगा नदी के 84 घाटों पर दीये जलाना सिर्फ एक परंपरा नहीं है, बल्कि काशी की जीवंत संस्कृति और जन-सहभागिता का शानदार उदाहरण है।

 

देव दिपावली पर्व की तैयारियों में स्थानीय निवासियों से लेकर विदेशी मेहमानों तक का उत्साह देखते ही बनता है। कोई घाटों की सफाई और सीढ़ियों की रंगाई-पोताई में जुटा है, तो कोई फूलों की लड़ियों और पीपा के भव्य मंचों को अंतिम रूप दे रहा है। दशाश्वमेध घाट पर इंडिया गेट की प्रतिकृति से लेकर शीतला मंदिर घाट की सजावट तक, पूरी काशी अपने आराध्य और देवताओं के स्वागत में पलक-पांवड़े बिछाए नजर आती है।

 

यह भी पढ़ें: कब है देव दीपावली, वाराणसी में कैसे मनाया जाता है यह पर्व? जान लीजिए

देव दीपावली के पीछे दो पौराणिक मान्यताएं 

त्रिपुरासुर वध

 

 मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान शिव ने 'त्रिपुर' नामक दैत्य का वध किया था। इस विजय के उल्लास में समस्त देवताओं ने अपने सेनापति कार्तिकेय के साथ काशी पधारकर भगवान शंकर की महाआरती की और पूरी नगरी को दीपमालाओं से सजाकर विजय दिवस मनाया। आज भी राजघाट (भैंसासुर घाट) पर त्रिपुरासुर वध का जीवंत मंचन इस परंपरा की याद दिलाता है।

 

राजा दिवोदास का प्रसंग

 

एक अन्य कथा के अनुसार, काशी के प्रथम शासक राजा दिवोदास ने अपनी नगरी में देवताओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। देवता गुप्त रूप से कार्तिक मास में पंचगंगा घाट पर गंगा स्नान के लिए आते थे। जब यह प्रतिबंध हटा, तो देवताओं ने कार्तिक पूर्णिमा की रात्रि को काशी में दीप जलाकर और महाआरती कर अपना हर्ष प्रकट किया। इसी दिन तुलसी घाट पर श्रीकृष्ण लीला की कड़ी में कंस वध की परंपरा भी निभाई जाती है, जहां कंस के विशाल पुतले को पीटने की अनूठी रस्म देखने को मिलती है।

 

यह भी पढ़ें: Akshaya Navami: आर्थिक तंगी और ग्रह दोष से हैं परेशान? अक्षय नवमी पर करें ये काम

पंचगंगा घाट और 'हजारा दीपस्तंभ' की विरासत

काशी के चार पारंपरिक 'लक्खा मेलों' (रथयात्रा, नाटी इमली का भरत मिलाप, चेतगंज की नक्कटैया और तुलसी घाट की नागनथैया) के बाद देव दीपावली को काशी के पांचवें लक्खा मेले का गौरव प्राप्त है। इस परंपरा का केंद्र बिंदु पंचगंगा घाट है, जिसे गंगा, यमुना, सरस्वती, धूतपापा और किरणा जैसी पांच नदियों का संगम स्थल और ऋषि अग्निबिंदु की तपोभूमि माना जाता है। यहीं 17वीं सदी के उत्तरार्ध में इंदौर की महारानी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा पत्थरों से निर्मित ऐतिहासिक 'हजारा दीपस्तंभ' स्थापित किया गया था। देव दीपावली की शुरुआत आज भी इसी स्तंभ पर 1001 से अधिक दीपों को प्रज्ज्वलित करके होती है, जिसके बाद पूरे शहर के घाट, कुंड, सरोवर और मंदिर दीपों की रोशनी से जगमगा उठते हैं।

किसने शुरू की काशी में गंगा आरती 

देव दीपावली का उल्लेख निर्णय सिंधु और स्मृति कौस्तुभ जैसे प्राचीन ग्रंथों में मिलता है। इसके आधुनिक और भव्य स्वरूप की नींव 1980 के दशक में पड़ी। 1983 में तुलसी घाट की नागनथैया लीला के दौरान पूर्व काशी नरेश डॉ. विभूति नारायण सिंह ने बैकुण्ठ लाल मिश्र से घाटों पर दीपदान की प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित करने की बात कही। यह संकल्प 1986 में पंचगंगा घाट पर साकार हुआ और 1989 में पं. राजनाथ पाण्डेय (नारायण गुरु) एवं स्व. पं. वागीश दत्त मिश्र के नेतृत्व में 'केन्द्रीय देव दीपावली महासमिति' के गठन के साथ इसने एक विराट महोत्सव का रूप ले लिया।

 

यह भी पढ़ें: काशी विश्वनाथ मंदिर का अनसुना इतिहास, तांत्रिक महत्व और 5 आरती का रहस्य

 

इस उत्सव की भव्यता में चार चांद लगाने वाली गंगा आरती का इतिहास भी उतना ही प्रेरक है। प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दूबे (बाबू महाराज) ने अपने सहयोगियों सत्येन्द्र मिश्रा, दुदु कलापात्रा, राज कुमार तिवारी और गुल्लू महाराज के साथ मिलकर एक चौकी पर मिट्टी की धुनोची में कपूर आरती की शुरूकी थी। 1997 तक यह आरती केवल कार्तिक पूर्णिमा को होती थी। हालांकि हरिद्वार की गंगा आरती से प्रेरित होकर बाबू महाराज ने 14 नवंबर 1997 से इसे काशी में नित्य आरती का रूप दे दिया, जो शुरुआत में ढाक की पारंपरिक लय पर हुआ करती थी।