अक्सर हिन्दी फिल्मों में शूर्पणखा को बेहद सुंदर दिखाया जाता है। हाल ही में आई रामायण फिल्म में भी शूर्पणखा को बेहद सुंदर दिखाया गया। इस फिल्म में शूर्पणखा का किरदार रकुल प्रीत ने निभाया है। वाल्मीकि रामायण के अनुसार शूर्पणखा इसके ठीक विपरीत दिखती थी। वाल्मीकि रामायण के कुछ श्लोकों में राम जी और शूर्पणखा के रूप-रंग की तुलना की गई है। वाल्मीकि रामायण में बताया गया है कि भगवान राम का चरित्र जितना सुंदर था, उतनी ही कुरूप शूर्पणखा थी। वाल्मीकि के अनुसार, जब शूर्पणखा भगवान राम से मिली थी, तब वह विधवा थी।
वाल्मीकि रामायण हिन्दू धर्म का बेहद खास ग्रंथ है, जिसमें भगवान राम की गाथा बताई गई है। इस ग्रंथ में 24,000 श्लोक, 500 उपखंड और 7 कांड हैं। इस ग्रंथ को पढ़कर लोग भगवान राम से प्रेरणा लेकर आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा लेते हैं। अब सवाल उठता है कि वाल्मीकि रामायण के अनुसार शूर्पणखा कैसी दिखती थी? आइए जानते हैं। वाल्मीकि रामायण में शूर्पणखा को कुरूप बताया गया है, हालांकि कुछ अन्य ग्रंथों में उन्हें प्रेम में डूबी सुंदर महिला बताया गया है।
यह भी पढ़ें: 10 या 11 नवंबर, कब है भाई दूज? तारीख, कथा और भाई को तिलक लगाने का मुहूर्त जानिए
असल में कैसी दिखती थी शूर्पणखा?
वाल्मीकि रामायण के अनुसार, जब पहली बार शूर्पणखा भगवान राम से जंगल में मिली थी, तब भगवान राम युवा अवस्था में बेहद सुंदर पुरुष थे, जबकि शूर्पणखा एक राक्षसी थी, जो बेहद डरावनी और कुरूप दिखती थी। उस वक्त शूर्पणखा के लंबे-लंबे नाखून थे।
'वाल्मीकि रामायण' के अरण्यकांड के सर्ग 17, श्लोक 10 और 11 में श्लोकों के जरिए भगवान राम और शूर्पणखा के रूप का वर्णन किया गया है। जहां एक तरफ भगवान राम का स्वरूप बेहद मोहक था, वहीं शूर्पणखा का चेहरा बेहद भद्दा था। जहां एक तरफ राम की आंखें बड़ी और मनमोहक थीं, वहीं शूर्पणखा की आंखें बेहद डरावनी थीं। इसके अलावा, श्लोक में बताया गया है कि भगवान राम के बाल काले और सुंदर थे, जबकि शूर्पणखा के बाल गहरे लाल रंग के थे। इसके अलावा, जितनी मधुर राम जी की आवाज थी, उतनी ही भयानक और डरावनी शूर्पणखा की आवाज थी।
यह भी पढ़ें: दिवाली की तरह पारसी और यहूदी धर्म के कौन से त्योहार रोशनी से जगमगाते हैं?
सुमुखं दुर्मुखी रामं वृत्तमध्यं महोदरी।
विशालाक्षं विरूपाक्षी सुकेशं ताम्रमूर्धजा॥
प्रियरूपं विरूपा सा सुस्वरं भैरवस्वना।
तरुणं दारुणा वृद्धा दक्षिणं वामभाषिणी॥
न्यायवृत्तं सुदुर्वृत्ता प्रियमप्रियदर्शना॥
इस श्लोक का अर्थ है- राम जी का चेहरा सुन्दर था और शूर्पणखाका मुख बहुत ही भद्दा और कुरूप था। श्रीरामकी आँखें बड़ी-बड़ी होनेके कारण मनोहर थीं, जबकि उस राक्षसीके नेत्र कुरूप और डरावनी थी । श्री रघुनाथ जी के बाल चिकने और सुन्दर थे, जबकि शूर्पणखा के बाल तांबे जैसे लाल थे। श्री राम का रूप बड़ा प्यारा लगता था, शूर्पणखा का रूप विकराल था।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है? समय से लेकर पूजा की विधि जानें
रावण ने उन्हें विधवा बनाया
पौराणिक कहानी के मुताबिक, जब शूर्पणखा बड़ी हुईं, तो उन्होंने परिवार की मर्जी के बगैर कालकेय दानव वंश के राजकुमार विद्युतजिह्व से शादी की थी। जिसके बाद शूर्पणखा के भाई रावण को बेहद गुस्सा आया था। उन्होंने दोनों को जान से मारने का फैसला लिया था। इसके बाद शूर्पणखा के पति विद्युतजिह्व को युद्ध के मैदान में हराकर मार दिया गया। रावण अपनी बहन शूर्पणखा को भी जान से मारना चाहता था। जबकि रावण की पत्नी मंदोदरी, भाई कुंभकर्ण और विभीषण ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो शूर्पणखा को नहीं मारा गया।
पति की मौत के बाद शूर्पणखा जंगल में ही रहती थी और अपने लिए नया वर ढूंढ़ने में जुटी थी। वाल्मीकि रामायण के अनुसार, पंचवटी वन के आसपास राम जा रहे थे, तभी शूर्पणखा ने उन्हें देख लिया और सुंदर रूप धारण कर उनके पास गई और शादी करने का प्रस्ताव रखा।
नोट:यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।
