इस साल 24 नवंबर की तारीख सिर्फ हिंदू धर्म के लिए खास नहीं है, बल्कि यह दिन बौद्ध धर्म के भक्तों के लिए भी बेहद खास होगा। जहां एक तरफ हिंदू धर्म के लोग इस दिन कार्तिक पूर्णिमा मनाते नजर आएंगे, वहीं दूसरी तरफ बौद्ध धर्म के भक्त वाराणसी के सारनाथ में भगवान बुद्ध की अस्थियों के दर्शन कर पाएंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सारनाथ भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली थी।
भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ में 22 से 24 नवंबर तक देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु आएंगे, जिन्हें भगवान बुद्ध के ढाई हजार साल पुराने पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
यह भी पढ़ें: CM योगी ने अपनी मां को दिया कंधा, क्या संन्यासी ऐसा कर सकते हैं? नियम जानें
क्या होगा दर्शन का समय?
सारनाथ के मूलगंध कुटी विहार में हर सुबह 6 से 11 बजे तक भक्त इन पवित्र अवशेषों के दर्शन कर सकेंगे। विशेष अनुष्ठान के बाद भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेषों को गर्भगृह से निकालकर मंदिर के मध्य सुंदर आसन पर विराजमान किया जाएगा। महोत्सव के दौरान 22 नवंबर से 24 नवंबर यानी कार्तिक पूर्णिमा तक 15 हजार दीप जलाए जाएंगे।
इसके साथ ही मूलगंध कुटी विहार सहित श्रीलंकाई, जापानी, म्यांमार और कंबोडियाई बौद्ध मंदिरों और धम्म लर्निंग संस्थान को पंचशील के झंडों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया गया है। यह भव्य सजावट और भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थियों के दर्शन करने के लिए कई लोग बेहद उत्सुक हैं।
यह भी पढ़ें: कैसे मिला रावण को दशानन बनने का श्राप? थाईलैंड के महाकाव्य रामकिर्ति से समझिए
नौ देशों के भक्त आएंगें
इस आयोजन में म्यांमार, थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया, श्रीलंका, जापान, भूटान, तिब्बत और नेपाल सहित नौ देशों के बौद्ध भिक्षु और अनुयायी शिरकत करेंगे। इनके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और शिक्षक भी शामिल होंगे।
