कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा में एक खास स्थान रखती है। यह केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सनातन, सिख, बौद्ध और जैन इन चार प्रमुख परंपराओं के संगम का पावन दिन है, जहां एक ओर इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दान और दीपदान का विशेष विधान है, वहीं दूसरी ओर यह तिथि सिख धर्म के गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व मनाया जाता है। बौद्ध परंपरा में यह दिन ज्ञान और संघ के विस्तार से भी गहराई से जुड़ी हुई है।
हिंदू धर्मग्रंथों में कार्तिक पूर्णिमा को वर्ष की सबसे पवित्र पूर्णिमाओं में से एक माना गया है। इसे त्रिपुरी पूर्णिमा भी कहा जाता है, क्योंकि मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक असुर का संहार कर देवताओं को उसका भय दूर किया था। इसी खुशी में देवताओं ने काशी (वाराणसी) के गंगा घाटों पर आकर दीये जलाए थे, जिसे आज भी भव्य देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है।
यह भी पढ़ें: काशी में भीष्म पंचक: गंगा तट पर 'गंगा पुत्र' की विशेष पूजा, जानें क्या है महत्व
इस दिन सूर्योदय से पूर्व गंगा या अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से पूरे कार्तिक मास के तप के समान फल की प्राप्ति होती है। इसके पश्चात अन्न, वस्त्र, तिल और घी का दान करने तथा संध्या समय जल स्रोतों व मंदिरों में दीपदान करने की परंपरा है, जिसे जीवन से अंधकार मिटाकर सकारात्मक ऊर्जा लाने का प्रतीक माना जाता है।
सिख धर्म में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व
सिख समुदाय के लिए कार्तिक पूर्णिमा वर्ष का सबसे बड़ा उत्सव है। इसी पावन तिथि को संवत् 1526 (सन् 1469) में तलवंडी (वर्तमान ननकाना साहिब, पाकिस्तान) में सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का जन्म हुआ था। इसलिए इसे गुरुपर्व या प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है।
यह भी पढ़ें: कहीं गंगा में जलते हैं दीप तो कहीं पहाड़ों पर, क्या है कार्तिगई दीपम की परंपरा?
गुरु नानक देव जी ने समाज को इक ओंकार (ईश्वर एक है), नाम जपो, किरत करो, वंड छको" (ईश्वर का नाम लो, ईमानदारी से मेहनत करो और मिल-बाँटकर खाओ) का संदेश दिया। इस दिन देश-विदेश के गुरुद्वारों में अखंड पाठ के समापन के साथ कीर्तन दरबार सजते हैं, भव्य नगर कीर्तन निकाले जाते हैं और बिना किसी भेदभाव के लंगर सेवा आयोजित की जाती है।
बौद्ध परंपरा में कार्तिक पूर्णिमा का महत्व
बौद्ध धर्म के इतिहास में भी कार्तिक पूर्णिमा का विशेष स्थान है। तथागत गौतम बुद्ध से जुड़े इस पावन दिन का महत्व विशेष रूप से दो प्रमुख घटनाओं से जुड़ा है। बुद्ध के दो सबसे प्रमुख शिष्यों में से एक और 'धर्मसेनापति' कहे जाने वाले भिक्षु सारिपुत्र का जन्म इसी दिन हुआ था।
यह भी पढ़ें: देव दीपावली पर आज किन राशियों की चमकेगी किस्मत, किसपर मेहरबान रहेंगे भगवान शिव?
धर्म प्रचार और कठिन चीवर दान: वर्षावास की समाप्ति और प्रवारणा के बाद, कार्तिक पूर्णिमा वह समय है जब बौद्ध भिक्षु अपने आश्रमों से निकलकर जनकल्याण के लिए बुद्ध के मध्यम मार्ग और करुणा के संदेश का प्रचार करने हेतु विभिन्न दिशाओं में प्रस्थान करते हैं। इसी अवधि में उपासकों द्वारा भिक्षु संघ को नवीन वस्त्र (कठिन चीवर) अर्पित करने का उत्सव भी संपन्न होता है।
सर्वधर्म का प्रतीक
कार्तिक पूर्णिमा इस बात का जीवंत प्रमाण है कि भारतीय संस्कृति में भिन्न-भिन्न आस्थाओं के बावजूद उनके मूल संदेश प्रकाश, करुणा, सेवा और आत्मशुद्धि एक ही हैं। जहां गंगा के घाटों पर टिमटिमाते लाखों दीये आस्था की रोशनी बिखेरते हैं, वहीं गुरुद्वारों में गुरबाणी गूंजती है। बौद्ध विहारों में गूंजते शांति के मंत्र समूची मानवता को प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हैं।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है।
