19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया पर्व मनाया जाएगा। हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया एक ऐसी तिथि है, जिस दिन मंगलकारी कार्य करना बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन जो श्रद्धालु दान-पुण्य करता है, उसे दोगुना फल प्राप्त होता है। इस दिन शुभ कार्य जैसे शादी-विवाह भी किए जा सकते हैं। अक्षय तृतीया के दिन मुख्य रूप से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाती है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार अक्षय का अर्थ है जिसका कभी क्षय न हो, यानी इस दिन किया गया कोई भी शुभ कार्य विफल नहीं होता। ऐसे में सवाल उठता है कि अक्षय तृतीया पर्व क्यों मनाया जाता है, इस दिन श्रद्धालुओं को कौन से शुभ कार्य करने चाहिए और कौन से कार्य नहीं करने चाहिए।
यह भी पढ़ें: 30 अप्रैल या 1 मई कब है वैशाख पूर्णिमा? सही तारीख जानिए
क्यों मनाया जाता है अक्षय तृतीया पर्व?
अक्षय तृतीया मनाने के पीछे एक नहीं बल्कि कई धार्मिक कथाएं हैं। आइए जानते हैं इस पर्व से जुड़ी मान्यताएं क्या है।
भगवान विष्णु के अवतार का जन्म - अक्षय तृतीया के दिन भगवान विष्णु के अवतार भगवान परशुराम का जन्म हुआ था। इसी वजह से इस दिन परशुराम जयंती भी मनाई जाती है।
महाभारत से जुड़ाव - धार्मिक मान्यता के अनुसार अक्षय तृतीया के दिन ही वेद व्यास ने भगवान गणेश को महाभारत सुनाना शुरू किया था। इसके बाद भगवान गणेश और वेद व्यास ने महाभारत की रचना की। इसके अलावा माना जाता है कि पांडवों के वनवास के दौरान भगवान कृष्ण ने द्रौपदी को अक्षय पात्र दिया था, जिससे उन्हें भोजन की कभी कमी नहीं हुई। इसी कारण यह दिन समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
गंगा जी का धरती पर अवतरण -मान्यता है कि अक्षय तृतीया के दिन ही माता गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था।
यह भी पढ़ें: शनिदेव भाग्य के साथ करेंगे न्याय? राशिफल के इशारे समझिए
नए युग की शुरुआत - पौराणिक कथाओं के अनुसार अक्षय तृतीया के दिन त्रेता युग की शुरुआत हुई थी।
सुदामा और कृष्ण का मिलन -कई धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन सुदामा जी, भगवान कृष्ण से मिलने द्वारका गए थे।
अक्षय तृतीया के दिन क्या करें
सुबह स्नान करें - इस दिन सुबह जल्दी स्नान करना शुभ माना जाता है। कोशिश करें कि सुबह 5 बजे से पहले स्नान कर लें।
विधिवत पूजा-पाठ करें - भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करें और उन्हें पीले वस्त्र अर्पित करें।
दान करें -गरीब और जरूरतमंद लोगों को कपड़े, अनाज और धन का दान करें। इससे घर में समृद्धि, सुख और शांति आती है।
सोना खरीदना - मान्यता है कि इस दिन सोना, चांदी या घर खरीदना बेहद शुभ होता है।
अक्षय तृतीया के दिन क्या न करें
उधार न लें - इस दिन उधार लेने और देने से बचना चाहिए क्योंकि माना जाता है कि इससे व्यक्ति को पूरे साल कर्ज में रहना पड़ सकता है।
तामसिक भोजन न करें - इस दिन मांस-मछली, लहसुन, शराब और जंक फूड से परहेज करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि नहीं की जाती है।
