साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने सैंडपेपर विवाद पर बड़ा बयान दिया है। 2018 के ऑस्ट्रेलिया के साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान हुए चर्चित रेगमाल (सैंडपेपर) विवाद को लेकर डिविलियर्स ने दावा किया है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने गेंद से छेड़छाड़ की शुरुआत केपटाउन में हुए तीसरे टेस्ट से नहीं, बल्कि डरबन में खेले गए पहले टेस्ट से ही कर दी थी।
केपटाउन टेस्ट में कैमरन बेनक्रॉफ्ट को रेगामाल छिपाते हुए पकड़े जाने के बाद पूरी दुनिया में बवाल मच गया था। इस विवाद ने इसी महीने एक बार फिर तूल पकड़ लिया, जब ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में इसका जिक्र हुआ। विवाद के केंद्र में रहे बेनक्रॉफ्ट ने भी दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ की साजिश के बारे में पूरी टीम को जानकारी थी।
बेनक्रॉफ्ट ने पिछले सप्ताह कहा था कि ऑस्ट्रेलिया ने केपटाउन में पकड़े जाने से पहले पोर्ट एलिजाबेथ (अब गकेबरहा) में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी गेंद पर रेगमाल का इस्तेमाल किया था। डिविलियर्स ने अपने पॉडकास्ट में कहा, 'इसकी शुरुआत पोर्ट एलिजाबेथ में भी नहीं, बल्कि डरबन में खेले गये पहले टेस्ट से हुई थी। मैं इस बात को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हूं और इस बात को कहने में मुझे कोई हिचकिचाहट नहीं है।'
यह भी पढ़ें: गंभीर की जिद... खराब टीम सेलेक्शन, भारत क्यों नहीं जीत सका वेलिंगटन टेस्ट?
किंग्समीड में रिवर्स स्विंग ने डिविलियर्स को किया हैरान
डिविलियर्स ने कहा, 'हम डरबन में पहला टेस्ट मैच हार गए थे। उस मैच में गेंद ऐसे समय रिवर्स स्विंग होने लगी थी, जो काफी हैरान करने वाला था। किंग्समीड में गेंद का इतनी जल्दी रिवर्स स्विंग होना संभव नहीं लगता था।' चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 1 से 5 मार्च, दूसरा 9 से 12 मार्च और तीसरा 22 से 25 मार्च के बीच खेला गया था।
डिविलियर्स ने दूसरे टेस्ट में रिवर्स स्विंग होती गेंद के खिलाफ शानदार शतक लगाया था। वह केपटाउन में तीसरे टेस्ट के दौरान उस समय क्रीज पर मौजूद थे, जब बेनक्रॉफ्ट को रेगमाल छिपाते हुए पकड़ा गया था। डिविलियर्स ने कहा, 'मेरा विश्वास कीजिए, मैंने डरबन में काफी क्रिकेट खेला है। वहां उन्होंने जो भी इस्तेमाल किया हो, चाहे रेगमाल हो या कील, मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता। असल बात यह है कि वे पकड़े गए और इस बारे में सभी को जानकारी थी।'
यह भी पढ़ें: सरेंडर कर गए गिल... अंत में भी पलट सकती थी बाजी, क्लार्क वाला चमत्कार याद है?
'गेंदबाजों को गेंद से छेड़छाड़ की जरूर जानकारी होगी'
डिविलियर्स ने कहा, 'खासकर गेंदबाजों को इसकी जानकारी जरूर रही होगी, क्योंकि गेंद अपने आप रिवर्स स्विंग नहीं होने लगती। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए आपका पहला टेस्ट मैच नहीं था। इसलिए अब सामने आकर स्वीकार करना चाहिए कि हमने गलत किया था।' ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज का पहला टेस्ट जीता था लेकिन अगले तीनों मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा।
डिविलियर्स ने इस सीरीज के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि विवाद में रेगमाल के इस्तेमाल को लेकर इतनी चर्चा क्यों हो रही है। उनके मुताबिक, असली मुद्दा यह है कि खिलाड़ियों ने जानबूझकर मैदान पर गैरकानूनी काम करने की योजना बनाई थी।
उन्होंने कहा, 'यह बहुत अजीब है कि आज हर कोई सैंडपेपर की बात कर रहा है। लोग असली मुद्दे को समझ ही नहीं रहे हैं। मुझे हैरानी होती है कि हम इस्तेमाल की गई वस्तु को लेकर इतने चिंतित क्यों हैं?' डिविलियर्स ने आगे कहा, 'असल बात यह है कि मैदान पर गैरकानूनी काम करने का फैसला पहले से सोच-समझकर लिया गया था और टीम के हर खिलाड़ी को इसकी जानकारी थी। मुझे इस बात पर जरा भी संदेह नहीं है।'
यह भी पढ़ें: IOA चुनाव: राजीव मेहता ने अध्यक्ष पद के लिए भरा नामांकन, गगन नारंग से जीतेंगे?
खुलेआम बेईमानी की हद तक जाना गलत - डिविलियर्स
डिविलियर्स ने यह भी स्वीकार किया कि क्रिकेट में हर टीम गेंद को रिवर्स स्विंग कराने के लिए कोशिश करती है और खिलाड़ी नियमों के दायरे में रहते हुए इसका फायदा उठाने के तरीके तलाशते हैं लेकिन किसी वस्तु को मैदान पर ले जाकर खुलेआम बेईमानी करना बिल्कुल अलग बात है। उन्होंने कहा, 'मैं खुद को पूरी तरह निर्दोष या आदर्श खिलाड़ी बताने की कोशिश नहीं कर रहा हूं। हम सभी गेंद को रिवर्स स्विंग कराने का प्रयास करते हैं। गेंद को पिच पर पटकते हैं और नियमों के दायरे में रहते हुए उसका अधिकतम फायदा उठाने की कोशिश करते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं कोई ऐसा फरिश्ता नहीं हूं, जो दूसरों को गलत ठहराने की कोशिश कर रहा हो। हम सभी ने अपने करियर में गेंद को कुछ अलग करने और विरोधी टीम पर बढ़त हासिल करने के तरीके तलाशे हैं लेकिन मैदान पर कोई वस्तु ले जाकर खुलेआम बेईमानी करने की हद तक कभी नहीं जाना चाहिए।'
