भारत और अफगानिस्तान के बीच अगले महीने 1 टेस्ट और 3 वनडे मैच खेला जाना है। अफगानिस्तान ने इस दौरे के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। 6 से 10 जून के बीच न्यू चंडीगढ़ में होने वाले टेस्ट मैच से राशिद खान और इब्राहिम जादरान को आराम दिया गया है। राशिद चोट के चलते अब रेड-बॉल क्रिकेट पर ध्यान नहीं देते। वहीं जादरान पैर की चोट से उबर रहे हैं। दोनों वनडे टीम में शामिल हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज हशमतुल्लाह शहीदी को अफगानिस्तान की टीम का कप्तान बनाया गया है।
अफगानी टेस्ट टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का अच्छा मिश्रण है, जिसमें रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज और अजमतुल्लाह ओमरजई बल्लेबाजी क्रम की जान हैं। विकेटकीपर अफसर जजाई और इकरम अलीखिल को भी टीम में शामिल किया गया है, जबकि स्पिन विभाग की जिम्मेदारी शराफुद्दीन अशरफ और कैस अहमद पर होगी। बिलाल सामी, जिया शरीफी और सलीम साफी तेज गेंदबाजी विभाग की अगुवाई करेंगे।
यह भी पढ़ें: धर्मशाला में रजत पाटीदार ने मचाई तबाही, RCB ने तहस-नहस किया प्लेऑफ रिकॉर्ड
वनडे टीम में नबी भी शामिल
अफगानिस्तान ने वनडे टीम में थोड़ा अलग कॉम्बिनेशन चुना है, जिसमें अनुभवी मोहम्मद नबी की भी वापसी हुई है। सेदिकुल्लाह अटल और दरवेश रसूली बल्लेबाजी क्रम को मजबूती देंगे, जबकि एएम गजनफर और बिलाल सामी गेंदबाजी आक्रमण को और गहराई प्रदान करेंगे। युवा स्पिनर गजनफर को IPL में उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 11 मैच में 15 विकेट चटकाए थे।
अफगानी टीम अपने दौरे की शुरुआत टेस्ट मैच से करेगी। इसके बाद 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। पहला वनडे 14 जून को धर्मशाला में, दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ में और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें: IPL में भी नहीं आई फॉर्म, अब युगांडा को कूटेंगे सूर्यकुमार यादव
अफगानिस्तान की टेस्ट टीम - हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमानुल्लाह जादरान, अफसर जजाई, इकरम अलीखिल, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नंग्याल खारोताई, कैस अहमद, बिलाल सामी, जिया शरीफि, सलीम साफी
रिजर्व - बशीर अहमद, बाहिर शाह, इस्मत आलम
अफगानिस्तान की वनडे टीम - हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दारविश रसूली, रहमत शाह, इकराम अलीखिल, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह ओमरजई, राशिद खान, नांग्याल खारोताई, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद मलिक, बिलाल सामी
रिजर्व - कैस अहमद, सलीम साफी, बशीर अहमद
