भारतीय हॉकी टीम एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार तीन जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। अब चौथे राउंड रॉबिन मैच में रविवार (1 नवंबर) को उसे मलेशिया की चुनौती का सामना करना है। भारत ने जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स में मलेशिया को 5-1 से हराया था लेकिन मलेशियाई टीम से भारत को हमेशा कड़ी चुनौती मिली है।
भारत ने पहले मैच में बांग्लादेश को 13-0 से , चीन को 5-2 से और फिर जापान को 4-1 से हराकर 4 नवंबर को मोहाली में होने वाले सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत के कोच क्रेग फुल्टोन ने कहा, 'हमने एशियन गेम्स में मलेशिया को 5-1 से हराया लेकिन वे हमेशा से कठिन प्रतिद्वंद्वी रहे हैं। हमारे पास अच्छी टीम है और मलेशिया से हमें चुनौती मिलेगी लेकिन हमारा फोकस अपने खेल पर है।'
यह भी पढ़ें: मनीषा भानवाला ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, बना दिया खास रिकॉर्ड
भारत ने जापान के खिलाफ दागे फील्ड गोल
बांग्लादेश और चीन के खिलाफ एकदम एकतरफा मुकाबलों के बाद भारत को शुक्रवार को जापान से अच्छी चुनौती मिली। भारत ने लगातार हमले बोले लेकिन जापान का डिफेंस मजबूत था। पहले तीन क्वार्टर में भारत को एक भी पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला, जो चिंता का विषय है। भारत को मैच में एकमात्र पेनल्टी कॉर्नर 47वें मिनट में मिला, जिस पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल दागा।
चौथे और आखिरी क्वार्टर में तीन गोल करके भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारत के लिए 150वां मैच खेल रहे फॉरवर्ड अभिषेक ने दो शानदार फील्ड गोल दागे। उप-कप्तान हार्दिक सिंह ने मिडफील्ड में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन विवेक सागर प्रसाद और नीलाकांता शर्मा से उन्हें और सहयोग की जरूरत है।
यह भी पढ़ें: WPL 2027 नीलामी: सभी 5 टीमों का कैसा गया ऑक्शन, किसने की फिजूलखर्ची? लेखा-जोखा
मनदीप की होगी वापसी?
भारत ने स्ट्राइकर मनदीप सिंह को आराम दिया था, जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ तीन गोल किए थे। वह रविवार को वापसी कर सकते हैं। दूसरी ओर मुलेशिया भी अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है लेकिन गोल औसत के आधार पर भारत के बाद दूसरे स्थान पर है। अन्य मैचों में साउथ कोरिया का सामना बांग्लादेश से और जापान की टक्कर चीन से होगी। भारत का मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।
