एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार (24 सितंबर) से मेंस क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हुई। अभी प्रीलिमिनरी राउंड के मुकाबलों का आगाज हुआ है। पहले दिन जापान, अफगानिस्तान, हॉन्ग कॉन्ग और मलेशिया की टीमें मैदान पर उतरीं। ग्रुप-A के मुकाबले में अफगानिस्तान ने जापान को 48 रन से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की तो मलेशिया ने हॉन्ग कॉन्ग को रौंद दिया।

जापान ने फिर दिखाया गेंदबाजी में कमाल

भारत के खिलाफ जापान की टीम ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया था। उसने सानो में बारिश के कारण 5-5 ओवर के खेले गए मैच में टीम इंडिया को महज 32 रन पर रोक दिया था। जापानी टीम ने एशियन गेम्स में भी गेंदबाजी में कमाल दिखाया और अफगानिस्तान को निर्धारित 20 ओवर में 129 रन ही बनाने दिए। हालांकि उसके बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। 

 

अफगानिस्तान के अरब गुल, नांगेलिया खान और अब्दुल्ला अहमदजई ने घातक गेंदबाजी करते हुए जापानी टीम को 19.3 ओवर में 81 रन पर ढेर कर दी। अरब गुल ने 4 ओवर में सिर्फ 8 रन खर्चे और 4 विकेट अपनी झोली में डाले। उन्होंने 2 मेडन ओवर भी निकाला। नांगेलिया ने 3.3 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट झके, जबकि अहमदजई ने 3 ओवर में 13 रन देकर 2 विकेट चटकाए। अफगानी टीम ने 48 रन से जीत दर्ज कर क्वार्टर-फाइनल की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। अब उसका सामना नेपाल से होना है। जापान की टीम भी अपने अगले मुकाबले में नेपाल से टकराएगी।

 

यह भी पढ़ें: Asian Games: शूटिंग में भारत का खराब प्रदर्शन, अब तक गोल्ड पर नहीं लगा निशाना

मलेशिया ने हॉन्ग कॉन्ग को चटाई धूल

ग्रुप-B के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी हॉन्ग कॉन्ग की टीम को मलेशिया ने 81/9 के स्कोर पर रोक दिया। हॉन्ग कॉन्ग की ओर से शिव माथुर ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए लेकिन इसके लिए उन्होंने 39 गेंद का सामना किया। मलेशिया की ओर से पवनदीप सिंह और मुहम्मद आमिर ने 3-3 विकेट झटके। 

 

यह भी पढ़ें: Asian Games: सात्विक-चिराग फिर जीतेंगे गोल्ड? लक्ष्य और सिंधु को मिला कठिन ड्रॉ

 

इसके बाद वीरनदीप सिंह और मुहम्मद शहादत ने क्रमश: 32 और 36 रन की नाबाद पारियां खेल मलेशियाई टीम को सिर्फ 12 ओवर में ही 8 विकेट से जीत दिला दी। इस बड़ी जीत के बाद मलेशिया का ग्रुप-B में टॉप-2 में रहना तय हो गया है, जिससे वह क्वार्टर-फाइनल खेलती नजर आएगी।