भारत के लिए शूटिंग में एशियन गेम्स 2026 का पांचवां दिन (23 सितंबर) मिला-जुला रहा। भारतीय पुरुष और महिला स्कीट टीमों ने ब्रॉन्ज मेडल जीते, तो वहीं 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में निराशा हाथ लगी। मनु भाकर, ईशा सिंह और सुरुचि सिंह की तिकड़ी टीम इवेंट में मेडल से चूक गई। डबल ओलंपिक मेडलिस्ट मनु ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में पहुंचकर उम्मीदें जगाई थीं लेकिन वह अपनी लय बरकरार नहीं रख पाईं और पांचवें स्थान पर फिनिश किया।

स्कीट निशानेबाज व्यक्तिगत फाइनल में दिखाएंगे दम

3 दिन के क्वालिफिकेशन दौर के बाद भारत की रायजा ढिल्लों, माहेश्वरी चौहान और परिनाज धालीवाल की तिकड़ी वाली महिला स्कीट टीम ने कुल 331 अंकों के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया। चीन (357) को गोल्ड और कजाकिस्तान (336) को सिल्वर मेडल मिला। स्कीट स्पर्धा में हर एक निशानेबाज को 125 अंकों में से अधिकतम अंक हासिल करने होते हैं। परिनाज और रायजा दोनों ने 125 में से 111 अंक, जबकि माहेश्वरी ने 109 अंक हासिल करके पोडियम फिनिश किया। रायजा और परिनाज ने व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई। क्वालिफाइंग दौर में रायजा आठवें और परिनाज नौवें स्थान पर रहीं।

 

अनंतजीत सिंह नरूका, मैराज अहमद खान और भवतेग सिंह गिल की पुरुष टीम ने 346 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज जीता। अनंतजीत ने व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई। उन्होंने 119 स्कोर किया, जबकि मैराज ने 116 और भवतेग ने 111 स्कोर किया। शूटिंग में भारत के अब 4 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल हो चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026 मेडल टैली: स्कीट टीम ने जीता ब्रॉन्ज, भारत आठवें नंबर पर

मनु भाकर नहीं जीत सकीं मेडल

पेरिस ओलंपिक 2024 में 2 ब्रॉन्ज अपने नाम करने वाली स्टार निशानेबाज मनु ने क्वालिफाइंग में 579 का स्कोर बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया था लेकिन फाइनल में वह 181.1 अंक ही बना पाईं। 24 साल की मनु अब 25 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भाग लेंगी। 10 मीटर एयर पिस्टल में भाग लेने वाली अन्य भारतीय निशानेबाजों में ईशा सिंह 572 के स्कोर के साथ 15वें स्थान पर रहीं और फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। सुरुचि सिंह 568 के स्कोर के साथ 26वें स्थान पर रहीं। 

 

यह भी पढ़ें: जापान के खिलाफ आखिरी ओवर में बवाल, अंपायर से क्यों भिड़े श्रेयस-अक्षर?

 

भारत टीम स्पर्धा में वियतनाम से पिछड़कर मेडल से चूक गया। दोनों टीमों के समान 1719 अंक रहे लेकिन भारत ने 10 अंक पर कम शॉट लगाए थे, जिससे उसे चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।