भारतीय महिला निशानेबाजी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में मंगलवार को ट्रैप टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीत लिया है। नीरू धांडा (118), आशिमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) की तिकड़ी ने कुल 328 अंक जुटाकर देश को 46वां मेडल दिलाया। चीन की टीम ने 346 अंकों के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। चीन की टीम में लियू शानशान, सुन युनोंग और झू जिंग्यू शामिल थीं।
कुवैत की अलहवाल शाहद, अब्दुलमलिक हजर और अलहवाल सारा की टीम ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। नीरू ने व्यक्तिगत स्पर्धा के आठ निशानेबाजों वाले फाइनल में भी जगह बना ली है। उन्होंने कतर की रे बेसिल के साथ संयुक्त रूप से 118 अंक हासिल किए, जो एशियन गेम्स में क्वालिफिकेशन का नया रिकॉर्ड है। व्यक्तिगत स्पर्धा में आशिमा अहलावत 16वें और मनीषा कीर 23वें स्थान पर रहीं।
यह भी पढ़ें: Asian Games: जैवलिन में भारत ने किया कमाल, यशवीर-रोहित ने जीते सिल्वर-ब्रॉन्ज
क्वार्टर-फाइनल में पहुंचे धीरज और नीरज
धीरज बोम्मदेवरा और नीरज चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेंस रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर-फाइनल में जगह बना ली है। प्री-क्वार्टर फाइनल में नीरज ने साउथ कोरिया के 22 वर्षीय किम जे डिओक को 6-4 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। किम तीन बार के ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता हैं। नीरज ने मुकाबला 30-28, 29-29, 29-30, 29-29, 29-27 के स्कोर से अपने नाम किया।
धीरज ने चीनी ताइपे के चेंग ह्सियांग-हुई को 6-2 से मात दी। धीरज ने 29-27, 27-28, 30-28, 29-28 के स्कोर से जीत दर्ज की। क्वार्टर-फाइनल में धीरज का सामना उज्बेकिस्तान के अमिरखोन सादिकोव से होगा, जबकि नीरज चौहान भूटान के लाम दोरजी के खिलाफ उतरेंगे। इससे पहले धीरज ने अंतिम 32 में फिलीपींस के गिरविन कलन निगेल गार्सिया को 6-0 से हराया था। नीरज ने इंडोनेशिया के रियाउ ईगा अगाता सालसाबिला को 6-4 से मात देकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: गुलवीर को एक और सिल्वर मेडल, 1500 मीटर रेस में गोल्ड से चूके
क्वार्टर-फाइनल में महिला स्क्वॉश टीम
महिला स्क्वॉश टीम ग्रुप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में ईरान को 3-0 से हराकर क्वार्टर-फाइनल में पहुंची। पहले सिंगल्स मैच में प्रतिद्वंद्वी के बीच में ही हटने के कारण तन्वी खन्ना को विजेता घोषित किया गया। तन्वी के खिलाफ नरगिस सोल्तानी 5-11, 0-3 से पीछे चल रही थीं, तभी उन्होंने मुकाबले से हटने का फैसला किया। इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीत चुकीं अनाहत सिंह ने फेरेश्तेह इघतेदारी को 3-0 से हराकर भारत को 2-0 की अजेय बढ़त दिला दी।
अनाहत ने मुकाबला 11-5, 11-4, 11-7 से अपने नाम किया। अनुभवी जोशना चिनप्पा ने तीसरे सिंगल्स मुकाबले में नजमेह बौशेहरिजादेह को 3-0 (1-1, 11-3, 11-9) से मात देकर भारत की 3-0 की जीत पूरी की। भारत ने पूल-C में अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में चीन और जापान को भी हराया था। इस तरह भारतीय टीम अपने ग्रुप में टॉप पर रही। क्वार्टर-फाइनल में भारत का सामना बुधवार को सिंगापुर से होगा।
