निखिल चौधरी के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 मैच में इंग्लैंड को 3 विकेट से हरा दिया है। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में शनिवार (21 नवंबर) को खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 8 ओवर में 2 विकेट खोकर 104 रन बना लिए थे। इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक और टॉम बैंटन कंगारू गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे थे। 9वां ओवर लेकर आए निखिल चौधरी ने ब्रूक का बड़ा विकेट झटका, जिससे इंग्लैंड की पारी पटरी से उतर गई। बाकी अंग्रेज बल्लेबाज आखिरी 11 ओवर में 77 रन ही जोड़ सके। 

 

एक समय 220 के पार जाती दिख रही इंग्लैंड की टीम 187/9 के स्कोर तक ही पहुंच सकी। हालांकि फिर भी यह MCG में सबसे बड़ा टी20I टोटल था, जिसे हासिल करना ऑस्ट्रेलिया के लिए आसान नहीं था। मेजबान टीम ने पावरप्ले में ही जेक फ्रेजर-मैकगर्क (1) और डेब्यूटंट सैम हार्पर (32) के विकेट गंवा दिए, जिससे उसकी मुश्किलें और बढ़ गईं। चौथे नंबर पर उतरे निखिल ने कप्तान मिचेल मार्श के साथ मिलकर मोर्च संभाला और ऑस्ट्रेलिया को 100 के करीब पहुंचाया। 

 

मार्श (37) के आउट होने के बाद उन्होंने अकेले दम पर कंगारू टीम को मैच में बनाए रखा। दिल्ली में जन्मे इस खिलाड़ी ने 38 गेंद में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 66 रन जड़े। वह जब आउट हुए उस समय ऑस्ट्रेलिया को 12 गेंद में 20 रन की दरकार थी। जैक एडवर्ड्स ने 11 गेंद में नाबाद 25 रन की धमाकेदार पारी खेल ऑस्ट्रेलिया को 19.5 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। निखिल को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे।

 

यह भी पढ़ें: वीडियो देखे... नेट्स में पसीना बहाया, न्यूजीलैंड में शतक लगाने के बाद बोले राहुल

रन चेज में फंस गया था ऑस्ट्रेलिया

टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही ओवर में फ्रेजर-मैकगर्क का विकेट गंवा दिया। उन्हें लियाम डावसन ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद क्रीज पर उतरे हार्पर ने तेजी से रन जोड़े लेकिन पावरप्ले की आखिरी गेंद पर वह दूसरे डेब्यूटंट हेनरी क्रोकॉम का शिकार बन गए। इसके बाद निखिल ने रन बनाने का जिम्मा उठाया और विकेटों की पतझड़ के बीच बेशकीमती पारी खेली। टिम डेविड (20), लैकलन शॉ (5) और जोएल डेविस (1) महज 7 गेंद के अंदर पवेलियन लौटे। निखिल भी 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए, जिससे ऑस्ट्रेलिया के हाथ से जीत फिसलती दिख रही थी लेकिन एडवर्ड्स ने अहम समय पर आकर अंधाधुंध बल्लेबाजी की और ऑस्ट्रेलिया को रोमांचक जीत दिलाई।