सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2025-26 में मुंबई के आयुष म्हात्रे ने विदर्भ के खिलाफ 53 गेंद में नाबाद 110 रन की विध्वंसक पारी खेल रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 18 साल के आयुष ने शुक्रवार (28 नवंबर) को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान 8 चौके और 8 छक्के लगाए, जिसकी मदद से मुंबई ने 193 रन का टारगेट 13 गेंद शेष रहते 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष ने शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंद में नाबाद 85 रन की आतिशी साझेदारी की। शिवम दुबे ने 19 गेंद में नाबाद 39 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक साथ खेलने वाले आयुष म्हात्रे और शिवम दुबे ने विदर्भ के गेंदबाजों की चौतरफा धुनाई की और मुंबई को लगातार दूसरी जीत दिलाई। इस दौरान आयुष ने अपने टी20 करियर की पहली सेंचुरी ठोकी और अपने रोल मॉडल रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: 9 जनवरी से शुरू होगा WPL 2026, पढ़िए किन शहरों में होंगे मुकाबले
आयुष म्हात्रे ने रच दिया इतिहास
आयुष इकाना स्टेडियम में शतक पूरा करते ही रोहित शर्मा को पछाड़ तीनों फॉर्मेट (फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी20) में सेंचुरी ठोकने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। रोहित ने 19 साल 339 दिन की उम्र में यह मुकाम हासिल किया था। वहीं आयुष ने 18 साल 135 दिन की उम्र में यह कारनामा कर दिखाया।
यह भी पढ़ें: WPL ऑक्शन में वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ियों को कितने पैसे मिले?
तीनों फॉर्मेट में शतक ठोकने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
- आयुष म्हात्रे - 18 साल 135 दिन
- रोहित शर्मा - 19 साल 339 दिन
- उन्मुक्त चंद - 20 साल 0 दिन
- क्विंटन डीकॉक - 20 साल 62 दिन
- अहमद शहजाद - 20 साल 97 दिन
आयुष ने रोहित का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने के अलावा अपने अंडर-19 टीम के साथ वैभव सूर्यवंशी के स्पेशल क्लब में भी एंट्री ली। वह वैभव और विजय जोल के बाद सबसे कम उम्र में टी20 शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बने। वैभव 14 साल की उम्र में दो टी20 शतक लगा चुके हैं। वहीं विजय जोल ने 18 साल 118 दिन की उम्र में शतक जड़ा था। आयुष ने उनसे 17 दिन ज्यादा की उम्र में सेंचुरी पूरी की।
सबसे कम उम्र में टी20 शतक जड़ने वाले खिलाड़ी
- वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स) - 14 साल 32 दिन, बनाम गुजरात जायंट्स, 2025
- वैभव सूर्यवंशी (इंडिया-ए) - 14 साल 232 दिन, बनाम UAE, 2025
- विजय जोल (महाराष्ट्र) - 18 साल 118 दिन, बनाम मुंबई, 2013
- आयुष म्हात्रे (मुंबई) - 18 साल 135 दिन, बनाम विदर्भ, 2025
- परवेज हुसैन इमॉन (फॉर्च्यून बरिशाल) - 18 साल 179 दिन, बनाम राजशाही, 2020
