बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार (9 जून) को मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में बांग्लादेश ने बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को डकर्थ लुईस स्टर्न (DLS) मेथड से 86 रन से हरा दिया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 284 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही और वह 42.2 ओवर में 9 विकेट खोकर 191 रन ही बना सका था। 

 

इसके बाद गरज के साथ तूफान आने कारण मैच रद्द कर दिया गया। ऑस्ट्रेलिया DLS पार स्कोर से काफी पीछे थे और उसे वनडे में बांग्लादेश के हाथों दूसरी बार हार झेलनी पड़ी। इससे पहले बांग्लादेश ने 2005 में ऑस्ट्रेलिया को कार्डिफ वनडे में हराया था। बांग्लादेश को 21 साल बाद मिली इस जीत के 3 हीरो रहे।

 

यह भी पढ़ें: कल तक फिट थे हार्दिक पंड्या, अब अचानक अफगानिस्तान ODI सीरीज से क्यों हुए बाहर?

मोसाद्देक हुसैन

लगभग 4 साल बाद बांग्लादेश की टीम में वापसी कर रहे ऑलराउंडर मोसाद्देक हुसैन ने आते ही धमाका कर दिया। मोसाद्देक ने पहले बल्ले से धमाल मचाया और फिर गेंद के साथ कमाल दिखाते हुए 2 विकेट झटक लिए। छठे नंबर पर उतरे मोसाद्देक ने 70 गेंद में 7 चौके और 3 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 86 रन ठोके और बांग्लादेश को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने कूपर कोनोली और मैट रेनशॉट के विकेट चटकाकर ऑस्ट्रेलिया को घुटनों पर ला दिया। उन्होंने 10 ओवर के अपने स्पेल में 1 मेडन रखते हुए महज 37 रन ही खर्चे। इस बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

 

यह भी पढ़ें: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: हरमनप्रीत टॉप रन स्कोरर, विकेट लेने में कौन आगे है?

नाहिद राणा

तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने पिछले महीने पाकिस्तान के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज में कहर बरपाया था। अब वह अपने तूफान में ऑस्ट्रेलिया को ले उड़े। दाएं हाथ के तूफानी गेंदबाज नाहिद ने 10 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने कंगारू कप्तान जोश इंग्लिस, एलेक्स कैरी, लियाम स्कॉट और जेवियर बार्टलेट को पवेलियन भेजा। इंग्लिस का विकेट लेने के बाद नाहिद ने उन्हें कुछ सुनाया भी था। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने भी कुछ कहा, जिससे मैदान पर नोकझोंक की स्थिति बन गई थी।

तंजिद हसन

मोसाद्देक और नाहिद के कमाल से पहले तंजिद हसन ने 44 गेंद में 54 रन ठोक ऑस्ट्रेलिया के होश उड़ा दिए। सलामी जोड़ीदार सैफ हसन (5) के जल्दी आउट होने के बाद तंजिद ने नजमुल हुसैन शान्टो (67) के साथ मिलकर 15.1 ओवर में 96 रन की साझेदारी कर डाली, जिससे बांग्लादेश को बड़े स्कोर तक पहुंचने के लिए एक बढ़िया मंच मिला। तंजिद ने अपनी पारी में 7 चौके और 1 छक्का जड़ा।