भुवनेश्वर में बिम्सटेक अंडर-23 चैंपियनशिप का समापन हो गया है। तीन दिन तक चली इस प्रतियोगिता में भारत 22 गोल्ड समेत 47 मेडल जीतकर पहले स्थान पर रहा। शुक्रवार (27 नवंबर) को प्रतियोगिता का आखिरी दिन था, जिसमें दांव पर लगे 14 गोल्ड मेडल में से भारत ने 8, जबकि श्रीलंका ने 6 पर कब्जा किया। श्रीलंका 38 मेडल के साथ टैली दूसरे स्थान पर रहा। ट्रैक स्पर्धाओं में श्रीलंकाई खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। 

 

बांग्लादेश ने 10 मेडल (2 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज) जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया। नेपाल को केवल 1 ब्रॉन्ज मेडल मिला। वहीं भूटान और म्यांमार का खाता नहीं खुला। पहली बार आयोजित हुई बिम्सटेक अंडर-23 चैंपियनशिप में 6 देशों के 200 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

 

यह भी पढ़ें: त्रिसा-गायत्री सेमीफाइनल में... तन्वी और उन्नति के बीच फाइनल में पहुंचने की जंग

 

आखिरी दिन के शुरुआती 4 गोल्ड श्रीलंका ने जीते

शक्रुवार को शुरुआती चार स्पर्धाओं में श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीते। के हिसाना निरुपमा (24.08 सेकेंड) ने विमेंस 200 मीटर रेस में भारत की भावना जी (24.23 सेकेंड) को कड़ी चुनौती के बावजूद पीछे छोड़कर गोल्ड मेडल जीता। एम थिमेश चान कोस्टा (21.23 सेकेंड) ने मेंस 200 मीटर रेस जीतकर श्रीलंका के लिए स्प्रिंट स्पर्धाओं में दूसरा गोल्ड हासिल किया। भारत के युवराज (21.49 सेकेंड) दूसरे स्थान पर रहे।

 

भारत की ओर से अंशु ने विमेंस शॉट पुट इवेंट में 15.17 मीटर के प्रदर्शन के साथ गोल्ड मेडल जीता। रिया वर्मा ने 14.59 मीटर के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके बाद श्याम मिलन बिंद ने मेंस 800 मीटर रेस में 1:50.66 मिनट का समय लेकर भारत के लिए एक और गोल्ड मेडल जीता। श्रीलंका को इस स्पर्धा में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल मिले।

 

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप में ड्रॉ की हैट्रिक, डी गुकेश और सिंदारोव की जंग हुई रोचक

इस स्पर्धा में रहा भारत का दबदबा

भारत ने मेंस और विमेंस दोनों कैटेगरी की 4X100 मीटर और 4X400 मीटर रिले स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीते। 4X400 मीटर रिले की दोनों रेस में भारत ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए श्रीलंका को हराया।

 

मृत्तिका टी और तनु चौधरी प्रतियोगिता में 2-2 गोल्ड मेडल जीतने वाली इकलौती महिला खिलाड़ी रहीं। जैवलिन थ्रो में भारत के बढ़ते दबदबे को आगे बढ़ाते हुए शशांक पाटिल ने 71.89 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता।