देहरादून टी20 लीग 2026 का फाइनल मुकाबला बुधवार (9 सितंबर) को खेला गया, जिसमें सेलाकुई स्ट्राइकर्स ने मसूरी थंडर्स को 39 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। देहरादून के अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में खिताबी मुकाबला बारिश के कारण 16-16 ओवर का हुआ। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर सेलाकुई स्ट्राइकर्स ने 3 विकेट के नुकसान पर 192 रन का पहाड़ समान स्कोर खड़ा किया और फिर मसूरी थंडर्स को 153 रन पर ही समेट इस लीग की पहली चैंपियन टीम बनने का गौरव हासिल किया।
इस बल्लेबाज ने जड़ा विस्फोटक शतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेलाकुई स्ट्राइकर्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज विजय शर्मा ने मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश कर दी, जिससे सेलाकुई स्ट्राइकर्स बड़े स्कोर तक पहुंच सकी। विजय शर्मा ने सिर्फ 31 गेंद पर 5 चौके और 12 छक्कों की मदद से नाबाद 103 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा कप्तान पीयूष जोशी ने 27 रन और संस्कार रावत ने 28 रन का योगदान दिया। मसूरी थंडर्स की ओर से अनमोल शाह, शुभम नैथानी और अंशुल कुमार ने 1-1 विकेट चटकाए।
यह भी पढ़ें: शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में तेज गेंदबाजों की शामत, स्पिनर्स का क्या हाल है?
193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मसूरी थंडर्स 9 रन पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इसके बाद अनमोल शाह (28 रन), कप्तान अखिल सिंह रावत (32 रन) और जॉन्टी (29 रन) ने आक्रामक पारियां खेलकर टीम की मैच में वापसी करने की कोशिश की लेकिन सेलाकुई के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में क्रिकेट कब से शुरू होगा, शेड्यूल कैसे बना है? समझिए
सेलाकुई स्ट्राइकर्स के लिए निशू पटेल और सिद्धार्थ गुप्ता ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके, जबकि प्रियांक सिंह और अभय क्षेत्री को 1-1 सफलता मिली। गेंदबाजों के एकजुट प्रदर्शन से सेलाकुई स्ट्राइकर्स ने मसूरी थंडर्स को 14.4 ओवर में ऑलआउट कर दिया पहला सीजन अपने नाम कर लिया।
सेलाकुई स्ट्राइकर्स के खिलाड़ियों का जलवा
टूर्नामेंट के सफल समापन के बाद बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिसमें सेलाकुई स्ट्राइकर्स के खिलाड़ियों की धूम रही। पूरे टूर्नामेंट में 5 पारियों में 193 रन बनाने वाले पीयूष जोशी (सेलाकुई स्ट्राइकर्स) बेस्ट बैटर बने, जबकि 6 पारियों में 13 विकेट चटकाने वाले प्रियांक सिंह (सेलाकुई स्ट्राइकर्स) को बेस्ट बॉलर के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा 3 पारियों में 8 विकेट लेने वाले अंशुल कुमार (मसूरी थंडर्स) को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया और 13 विकेट व 24 रन का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले प्रियांक सिंह (सेलाकुई स्ट्राइकर्स) को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
