इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (15 सितंबर) को साउथैम्पटन में खेला गया। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने 119 रन से विशाल जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लिश टीम ने 254/4 का पहाड़ समान स्कोर खड़ा किया और फिर श्रीलंका को 135 पर ही समेट दिया। इंग्लैंड के लिए कप्तान हैरी ब्रूक ने 49 गेंद में नाबाद 114 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने 232.65 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 10 चौके और 6 छ्क्के जड़े। 

 

पूर्व कप्तान जोस बटलर ने 44 गेंद में 8 चौके और 3 छक्के की मदद से 80 रन ठोके। विल जैक्स ने इंग्लैंड की पारी की आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले 12 गेंद में 21 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 छक्के निकले। श्रीलंका की ओर से वनिंदु हसरंगा और ईशान मलिंगा को छोड़कर कोई इंग्लिश बल्लेबाजों को नहीं रोक पाया। 

 

हसरंगा ने 4 ओवर में 34 रन देकर बटलर का विकेट हासिल किया, तो मलिंगा ने 4 ओवर में 41 रन खर्चते हुए 1 विकेट अपनी झोली में डाला। इन दोनों के अलावा बाकी सभी श्रीलंकाई गेंदबाजों की इकॉनमी 13 से ऊपर की ही रही। अनुभवी तेज गेंदबाज दुष्मांता चमीरा ने 4 ओवर में 53 रन दे दिए। उन्हें एक सफलता मिली। युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर दुनिथ वेल्लालगे ने 3 ओवर में 51 रन लुटा दिए।

 

यह भी पढ़ें: सीरीज पर भारत का कब्जा, दूसरे T20 में अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदा

रन चेज में कही नहीं दिखी श्रीलंकाई टीम

असंभव सा दिख रहे लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम कभी मुकाबले में नहीं दिखी। पथुम निसांका और कामिल मिशारा की सलामी जोड़ी ने 3.4 ओवर में सिर्फ 20 रन की साझेदारी की। श्रीलंकाई टीम पावरप्ले में 3 विकेट खोकर महज 32 रन ही जोड़ पाई और मुकाबला यहीं खत्म हो गया। दसुन शनाका (14 गेंद में 24 रन) और वेल्लालगे (21 गेंद में 33 रन) ही दो ऐसे श्रीलंकाई खिलाड़ी रहे, जिन्होंने 10 से ज्यादा गेंदों का सामना किया और 150 प्लस स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। बाकी सभी बल्लेबाजों ने निराश किया।  

 

यह भी पढ़ें: वनडे टीम में पंड्या की होगी वापसी, विंडीज सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान जल्द

 

इंग्लैंड की ओर से सॉनी बेकर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उन्होंने एक ओवर मेडन भी निकाला। लियाम डावसन और जेमी ओवरटन ने 2-2 विकेट झटके। जोश टंग, विल जैक्स और आदिल रशीद को एक-एक सफलता मिली।