भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान बाईचुंग भूटिया का मानना है कि इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन इस बार FIFA वर्ल्ड कप में अब तक बेस्ट खिलाड़ी रहे हैं और अपनी इंटीम की जीत में उनका योगदान अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और फ्रांस के किलियन एमबापे से अधिक है। इंग्लैंड ग्रुप-L में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ टॉप पर रहा था। इसके बाद उसने कांगो को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई है। 


हैरी केन ने इंग्लैंड के आठ में से पांच गोल किए हैं। वह इस बार टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में मेसी (7) और एमबापे (6) के बाद तीसरे स्थान पर हैं। भूटिया ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा, 'मेरे हिसाब से हैरी केन सबसे प्रभावी रहे हैं। उन्होंने अपने दम पर इंग्लैंड को यहां तक पहुंचाया है और जरूरत के समय गोल किए हैं। उन्हें कई बड़े और कठिन मैच खेलने पड़े, जिनमें हैरी केन ने अच्छा प्रदर्शन किया है।'

 

यह भी पढ़ें: रैपिड में प्रज्ञानानंदा टॉप पर रहे, गुकेश का क्या रहा हाल?

हैरी केन बन सकते हैं टूर्नामेंट के बेस्ट खिलाड़ी

भूटिया ने कहा, 'एमबापे ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और मेसी ने भी लेकिन जब पूरी टीम का दारोमदार एक खिलाड़ी द्वारा उठाने की बात है तो हैरी केन इसमें आगे हैं।' भारतीय दिग्गज ने यह भी कहा कि हैरी केन टूर्नामेंट के बेस्ट खिलाड़ी का 'गोल्डन बॉल' या सबसे ज्यादा गोल का 'गोल्डन बूट' अवॉर्ड जीत सकते हैं। उन्होंने कहा, 'इस पर निर्भर करेगा कि टीम कहां तक जाती है। इंग्लैंड फाइनल खेलता है तो निश्चित तौर पर हैरी केन। फ्रांस पहुंचता है तो एमबापे। हैरी केन और एमबापे में से ही कोई होगा। मेस्सी को अभी तक कठिन मुकाबले नहीं मिले हैं। अब अंतिम-16 के आगे अर्जेंटीना को चुनौती मिलेगी।'

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप 2026 में मेसी ने दागे 7 गोल, 'गोल्डन बूट' की रेस में सबसे आगे

ये 4 हैं टॉप की टीमें

भारत में FIFA वर्ल्ड कप के ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर के एक्सपर्ट्स पैनल के सदस्य भूटिया ने फ्रांस, अर्जेंटीना, स्पेन और इंग्लैंड को अब तक टॉप-4 टीमें बताया। उन्होंने कहा, 'अब तक जिन 4 टीमों ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है, उनमें फ्रांस, स्पेन, अर्जेंटीना और इंग्लैंड हैं। फ्रांस सबसे आक्रामक फुटबॉल खेल रहा है। अगर एक टीम चुननी हो तो वह फ्रांस है।'

 

भूटिया ने यह भी कहा कि मेसी या क्रिस्टियानो रोनाल्डो सर्वकालिक बेस्ट खिलाड़ी नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'इस समय मेसी निश्चित तौर पर रोनाल्डो से बेहतर हैं। लेकिन मेसी, रोनाल्डो, माराडोना या पेले नहीं बल्कि ब्राजील के रोनाल्डो को मैं बेस्ट फुटबॉलर कहूंगा।'