FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आज (18 जून) सातवां दिन है। अब तक 24 मुकाबले खेले जा चुके हैं। लियोनेल मेसी की दमदार हैट्रिक की बदौलत अर्जेंटीना ने अपने टाइटंल डिफेंस की शुरुआत जीत के साथ की है। अर्जेंटीना ने बुधवार को अपने पहले मुकाबले में अल्जीरिया को 3-0 से हराया। पिछले एडिशन की फाइनलिस्ट फ्रांस का आगाज भी बेहतरीन रहा है। फ्रांस ने किलियन एमबापे के 2 गोल की मदद से सेनेगेल को 3-1 से मात दी।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल को कांगो ने 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। मेसी की तरह रोनाल्डो कोई कमाल नहीं दिखा पाए और उनकी टीम कांगो से भी नहीं जीत सकी। उधर इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराकर जीत का खाता खोल लिया है।
बाकी बड़ी टीमों का क्या हाल है?
पांच बार की चैंपियन ब्राजील ने मोरक्को के खिलाफ अपना पहला मुकाबला 1-1 से ड्रॉ खेला। इस मुकाबले में ब्राजील के स्टार स्ट्राइकर नेमार चोट के चलते नहीं उतरे थे। उनकी गैरमौजूदगी में 2022 की सेमीफाइनलिस्ट मोरक्को ने कड़ी टक्कर में ब्राजील को पॉइंट्स शेयर करने पर मजबूर कर दिया। इस वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर कोप वर्दे ने किया है। पहली बार फुटबॉल के महाकुंभ का हिस्सा बनी कोप वर्दे की टीम ने स्पेन जैसी शक्तिशाली टीम को गोलरहित ड्रॉ पर रोक दिया।
जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से हराकर बेहतरीन शुरुआत की है। हालांकि जर्मनी की जीत से ज्यादा चर्चा कुराकाओ की हो रही है। ऐसा इसलिए, क्योंकि कैरेबियन सागर में स्थित यह छोटा सा देश पहली बार वर्ल्ड कप खेल रहा है। तिस पर से उसने 4 बार की चैंपियन जर्मनी के खिलाफ गोल करने में सफलता हासिल कर ली।
यह भी पढ़ें: किस विवाद में घिरे तिलक वर्मा-मोहम्मद सिराज, क्यों जारी हुआ कानूनी नोटिस?
बड़ी टीमों के पहले मुकाबलों के नतीजे
- अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से हराया
- फ्रांस ने सेनेगल को 3-1 से हराया
- स्पेन को केप वर्दे ने गोलरहित मैच में ड्रॉ पर रोका
- ब्राजील ने मोरक्को से 1-1 से ड्रॉ खेला
- पुर्तगाल को कांगो ने 1-1 से ड्रॉ पर रोका
- इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराया
- जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से हराया
एशियन टीमों का अच्छा प्रदर्शन
एशियन टीमों की बात करें तो इराक और जॉर्डन को छोड़कर सभी ने अच्छी शुरुआत की है। जापान ने नीदरलैंड्स को 2-2 की बराबरी पर रोका, तो वहीं ऑस्ट्रेलिया ने तुर्की को 2-0 से हराकर जीत के साथ आगाज किया है। बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई टीम एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन के अंतर्गत आती है।
साउथ कोरिया ने भी अपने पहले मैच में जीत दर्ज की है। उसने चेकिया को 2-1 से हराया। मिस्त्र की टीम बेल्जियम को 1-1 की बराबरी पर रोकने में सफल रही। कतर ने स्विट्जरलैंड को 1-1 से ड्रॉ खेला। सऊदी अरब ने भी उरुग्वे को 1-1 से रोक दिया। एशिया की सबसे मजबूत टीमों से एक ईरान को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ पर संतोष करना पड़ा। इराक को नॉर्वे के हाथों 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ ऑस्ट्रिया ने जॉर्डन को 3-1 से हराया।
यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल, हैट्रिक के बाद कहां खड़े हैं लियोनेल मेसी?
एशियन टीमों के पहले मुकाबलों के नतीजे
- साउथ कोरिया ने चेकिया को 2-1 से हराया
- ऑस्ट्रेलिया ने तुर्की को 2-0 से हराया
- जापान ने नीदरलैंड्स से 2-2 से ड्रॉ खेला
- कतर ने स्विट्जरलैंड को 1-1 से ड्रॉ पर रोका
- ईरान ने न्यूजीलैंड से 2-2 से ड्रॉ खेला
- सऊदी अरब ने उरुग्वे से 1-1 से ड्रॉ खेला
- मिस्त्र ने बेल्जियम को 1-1 से ड्रॉ पर रोका
- इराक को नॉर्वे ने 1-4 से हराया
- जॉर्डन को ऑस्ट्रिया ने 1-3 से हराया
