उज्बेकिस्तान के समरकंद में जारी ओलंपियाड के बीच चेस की दुनिया को गमगीन कर देने वाली खबर आई है। चेस के दिग्गज जियोर्जियोस मैक्रोपोलोस का निधन हो गया है। उन्होंने 73 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। इंटरनेशनल चेस संचालन संस्था FIDE ने उनके निधन की पुष्टि की है। FIDE ने सोशल मीडिया पर लिखा कि चेस में मैक्रोपोलोस के योगदान को कृतज्ञता और सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

 

मैक्रोपोलोस इंटरनेशनल चेस एडमिनिस्ट्रेशन के सबसे प्रभावशाली लोगों में से एक थे। वह FIDE के उपाध्यक्ष , ग्रीक चेस फेडरेशन के अध्यक्ष, इंटरनेशनल मास्टर और सात बार के ग्रीक चैंपियन रह चुके थे। मैक्रोपोलोस पिछले चार दशकों से इंटरनेशनल चेस एडमिनिस्ट्रेशन में थे।

 

ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के अध्यक्ष नितिन नारंग ने मैक्रोपोलोस के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'मुझे बुडापेस्ट में 2024 चेस ओलंपियाड के दौरान उनसे हुई बातचीत याद है। वह बेहद शानदार बातचीत थी। उनके अनुभव, कहानियां और चेस की दुनिया की उनकी समझ ने इस मुलाकात को यादगार बना दिया। उनका जीवन चेस से गहराई से जुड़ा हुआ था। उनकी बहुत कमी खलेगी। उनकी आत्मा को शांति मिले।'

 

यह भी पढ़ें: 'मैं कोई रोबोट या मशीन नहीं हूं...' लगातार आलोचना पर छलका संजू सैमसन का दर्द

70-80 के दशक में ग्रीस के थे प्रमुख खिलाड़ी

मैक्रोपोलोस 1970 और 1980 के दशक में ग्रीस के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक थे। उन्होंने 1971 और 1985 के बीच सात बार ग्रीक चैंपियनशिप जीती। वहीं तीन चेस ओलंपियाड और यूरोपियन टीम चैंपियनशिप में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया और 1979 में इंटरनेशनल मास्टर का खिताब हासिल किया।

 

यह भी पढ़ें: चेस ओलंपियाड डी गुकेश के लिए बेहद अहम क्यों होने वाला है?

 

FIDE ने लिखा है, 'चेस में उनका योगदान सिर्फ खेल तक ही सीमित नहीं था। बहुत कम लोग इतने लंबे और बदलाव लाने वाले समय में इंटरनेशनल चेस के विकास और मैनेजमेंट से इतनी गहराई से जुड़े रहे हैं। उन्होंने अपना ज्यादातर जीवन चेस को समर्पित किया। उनके ज्ञान, अनुभव, ऊर्जा और समर्पण ने FIDE और दुनिया भर के चेस समुदाय की कई पीढ़ियों पर गहरी छाप छोड़ी। FIDE उनके परिवार, दोस्तों, साथियों और ग्रीक चेस समुदाय के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।'