इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ नाबाद 75 रन की पारी खेलकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार खिताब दिलाने वाले विराट कोहली ने कहा कि विनिंग रन बनाने का ख्याल अकसर उनके मन में आता था। कोहली ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर अरशद खान के खिलाफ शानदार छक्का लगाकर टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाया। उन्होंने 42 गेंद में 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
कोहली ने पुरस्कार समारोह में कहा, 'यह वही पल है जिसका हर खिलाड़ी सपना देखता है। मैंने कई बार इस पल की कल्पना की थी, खासकर विनिंग रन बनाने की। बल्लेबाजी के लिए उतरते समय मैं पूरी तरह सहज था। हमारी टीम का कॉम्बिनेशन ऐसा है, जो किसी भी परिस्थिति से बाहर निकलने का भरोसा देता है।' उन्होंने कहा कि लक्ष्य का पीछा करते समय वह अपने रोल और प्लान को लेकर क्लियर थे।
यह भी पढ़ें: लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतकर छाई RCB, सोशल मीडिया पर Memes वायरल
मुझे बस सोच बदलनी थी - कोहली
कोहली ने कहा, 'मुझे पता था कि रन-चेज में क्या करना है। युवा खिलाड़ियों की मौजूदगी आपको लगातार अपने खेल में सुधार करने और नई चुनौतियां स्वीकार करने के लिए प्रेरित करती है।' अपने IPL करियर के सबसे तेज अर्धशतक (25 गेंद) पर उन्होंने कहा, 'यह आपको लगातार बेहतर करने का लक्ष्य देता है। मुझे अपने खेल में बहुत बड़ा बदलाव नहीं करना था, बल्कि सोच बदलनी थी। गेंदबाजों पर दबाव बनाकर अतिरिक्त रन जुटाने की जरूरत थी।'
कोहली ने कहा कि टीम का पहला टारगेट पॉइंट्स टेबल में टॉप करना था। उन्होंने कहा, 'एक बार हम टॉप पर पहुंच गए तो हमारे सामने कौन-सी टीम है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ा। हम सभी टीमों का सम्मान करते हैं और किसी को उकसाने में विश्वास नहीं रखते। हमारे पास अनुभवी और परिपक्व पेशेवर खिलाड़ी हैं और बड़े मुकाबलों में यही अनुभव काम आता है।'
उन्होंने कहा, 'बड़े अवसरों पर बड़े खिलाड़ियों को आगे आकर जिम्मेदारी निभानी होती है। मुझे पता था कि लक्ष्य का पीछा करते समय विपक्षी टीम मुझे जल्दी आउट करने की कोशिश करेगी लेकिन मुझे अपनी टीम पर पूरा भरोसा था। मुझे विश्वास था कि हमारी चैंपियन टीम तीन-चार ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर सकती है।'
यह भी पढ़ें: 19 साल में पहली बार... 25 गेंद में फिफ्टी ठोक विराट कोहली ने रचा इतिहास
RCB फैंस की तारीफ
RCB फैंस की सराहना करते हुए कोहली ने कहा, 'हमारे लिए हर मैच घरेलू मुकाबले जैसा लगता है। हमारे 14 घरेलू मैच होते हैं, सिर्फ 7 नहीं, क्योंकि फैंस हर जगह हमारे साथ रहते हैं। यहां तक कि गुजरात टाइटंस के घरेलू मैदान पर भी करीब 90 प्रतिशत दर्शक हमारे समर्थन में थे।'
कोहली ने इससे पहले ब्रॉडकास्टर से कहा कि मौजूदा RCB टीम की सबसे बड़ी ताकत यह है कि उसमें कई मैच विनर हैं और उन्हें हर बार अकेले आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा, 'हमें इस पल का बहुत लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। अब हमारे पास ऐसा ग्रुप है, जिसके साथ मैदान पर उतरते समय यह महसूस होता है कि हर बार आपको ही आगे बढ़कर जिम्मेदारी नहीं उठानी है। टीम में ऐसे खिलाड़ी हैं जो आपके साथ खड़े हैं और आपके लिए मैच जिता सकते हैं।'
यह भी पढ़ें: IPL फाइनल में बेईमानी पर उतरी RCB, चोरी पकड़े जाने पर अंपायर से भिड़े पाटीदार
कई मैच विनर टीम की मजबूती
कोहली ने इस सीजन में 16 मैचों में 56.25 की औसत और 165.84 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 675 रन बनाए और टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि उन्होंने जीत का क्रेडिट पूरी टीम को दिया। कोहली ने कहा, 'हमारी टीम में कई मैच विनर हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि योगदान केवल एक-दो खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है।'
कोहली ने RCB के बॉलिंग अटैक की जमकर तारीफ करते हुए कहा, 'जोश हेजलवुड, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी और क्रुणाल पंड्या जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाज हमारे पास हैं। क्रुणाल हमेशा भरोसेमंद रहे हैं, जबकि रसिख सलाम डार ने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन किया।' उन्होंने कहा कि टीम के बल्लेबाजों ने भी जरूरत के समय योगदान दिया और यही संतुलन आरसीबी की सबसे बड़ी ताकत है।
कोहली ने कहा, 'मुझे इस ग्रुप का हिस्सा बनकर बेहद खुशी होती है। हमारे पास संतुलन है, गहराई है और हम हर विभाग में मजबूत टीम हैं। यही कारण है कि मैदान पर हमारा आत्मविश्वास भी अलग स्तर का दिखाई देता है।'
RCB पर इस बार नहीं था कोई दबाव
पिछले साल की तुलना में इस बार फाइनल का दबाव अलग होने की बात स्वीकार करते हुए कोहली ने कहा कि टीम को अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा, 'मैंने कुछ खिलाड़ियों से कहा था कि इस बार वैसा दबाव महसूस नहीं हो रहा जैसा पिछले साल था। हमें पता था कि हमारे ग्रुप में कितनी क्षमता है। हम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहे और इसकी एक वजह थी। हमने सिर्फ एक बात कही थी कि यदि हम अपना स्वाभाविक क्रिकेट खेलें और योजनाओं को सही तरीके से लागू करें तो प्रतियोगिता की बेस्ट टीम हम ही हैं।'
कोहली ने कहा कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ करीबी जीत से टीम का आत्मविश्वास वापस लौटा। उन्होंने कहा, 'ब्रेक के बाद हमें एक हार मिली और मुंबई इंडियंस के खिलाफ बेहद करीबी मुकाबला खेलना पड़ा। वह सप्ताह हमारे लिए चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि हम लीग स्टेज में टॉप पर रहना चाहते थे। मुंबई के खिलाफ जीत के बाद टीम का विश्वास लौट आया। इसके बाद हमने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की, टेबल टॉप किया और फिर फाइनल तक का सफर तय किया।'
