युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने अपने वनडे इंटरनेशनल करियर की शुरुआत बेहतरीन अंदाज में किया है। पंजाब के मुक्तसर में जन्मे गुरनूर ने अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला वनडे में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने 27 रन देकर 3 विकेट झटके थे। इसके बाद उन्होंने लखनऊ भी 3 विकेट चटकाए। अब वह इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं। दरअसल, गुरनूर अपने पहले दो वनडे मैचों में 3 या उससे ज्यादा विकेट झटकने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले पीयूष चावला ने यह कारनामा किया था।
लेग स्पिनर पीयूष चावला ने अपने पहले तीन वनडे मैचों में 3-3 विकेट झटके थे। गुरनूर के पास चावला की बराबरी करने का मौका है। देखना होगा कि अफगानिस्तान के खिलाफ आज (20 जून) चेन्नई में खेले जाने वाले तीसरे और आखिरी वनडे में उन्हें टीम इंडिया की प्लेइंग-XI में जगह मिलती है या नहीं। भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी है। ऐसे में चेन्नई वनडे एक डेड रबर है। टीम इंडिया नए कॉम्बिनेशन को आजमाने वाली है।
यह भी पढ़ें: भारत-अफगानिस्तान के बीच तीसरा वनडे आज, कैसा खेलेगी चेन्नई की पिच?
गुरनूर को दिया जाएगा आराम?
चेन्नई वनडे के लिए हर्षित राणा की टीम इंडिया में एंट्री हुई है। घुटने की सर्जरी के कारण लंबे समय से ऐक्शन से दूर रहे हर्षित को अभी मैदान पर उतारे जाने की संभावना कम है। दूसरे वनडे में चोट के कारण बाहर रहे नीतीश कुमार रेड्डी फिट हो चुके हैं और वह प्लेइंग-XI में वापसी करेंगे। नीतीश के वापस आने पर किसी एक बैटर को बाहर बैठना पड़ सकता है, क्योंकि कप्तान शुभमन गिल फिर से पांच गेंदबाजों के साथ नहीं उतरना चाहेंगे।
अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ ने सीरीज के पहले दोनों मैच खेले हैं। बुधवार को लखनऊ की गर्मी में अर्शदीप ने 9 ओवर, जबकि गुरनूर ने 7.3 ओवर डाले थे। आज चेन्नई में भी मौसम का मिजाज गर्म रहने वाला है। ऐसे में दोनों में से किसी एक को आराम दिया जा सकता है। ज्यादा संभावना है कि अर्शदीप को आराम मिलेगा। वह पूरा IPL सीजन खेलकर आ रहे हैं। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए फ्रेश रखने के लिए टीम मैनेजमेंट आराम दे सकती है। उनकी गैरमौजूदगी में प्रसिद्ध कृष्णा पेस अटैक की अगुवाई करेंगे। प्रसिद्ध को गुरनूर और प्रिंस यादव का साथ मिलेगा।
यह भी पढ़ें: ब्राजील-मोरक्को जीते, अमेरिका नॉकआउट में पहुंचा, वर्ल्ड कप का 9वां दिन कैसा रहा?
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर/केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव/हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव
अफगानिस्तान - रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), मोहम्मद नबी/दारविश रसूली, अजमतुल्लाह ओमरजई/बिलाल सामी, राशीद खान, नांगेयाल खरोटे, एएम गजनफर, मोहम्मद सलीम


