भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की वनडे क्रिकेट में वापसी का रास्ता साफ हो गया है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पुडुचेरी में होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है। हालांकि उनका खेलना फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगा। हार्दिक आखिरी बार IPL 2026 में मैदान पर उतरे थे और इसके बाद से बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं।

 

मल्टी-डे मैचों में देवदत्त पडिक्कल टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि साई सुदर्शन उपकप्तान होंगे। वहीं, वनडे टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी गई है और देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। आपको बता दें कि पुडुचेरी में पहले दो चार-दिवसीय अनऑफिशियल टेस्ट मैच खेले जाएंगे। पहला टेस्ट 22 से 25 सितंबर तक होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक खेला जाएगा। इसके बाद तीन वनडे मैच होंगे, जो 6, 9 और 11 अक्टूबर को खेले जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें: मसूरी और सेलाकुई के बीच खिताब जंग, कहां दिखेगा देहरादून टी20 लीग का फाइनल?

2027 वर्ल्ड कप के लिए अहम वापसी

हार्दिक पांड्या को भारत की वनडे टीम का अहम हिस्सा माना जाता है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले उन्होंने वनडे क्रिकेट से आराम लिया था लेकिन टूर्नामेंट के बाद वह फिर भारत की 50 ओवर की योजनाओं में शामिल हो गए। अब उनकी नजर 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर है। ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ सीरीज हार्दिक के लिए वनडे क्रिकेट की लय हासिल करने का बड़ा मौका होगी। तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर के तौर पर वह भारत की वर्ल्ड कप रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, खासकर दक्षिण अफ्रीकी परिस्थितियों को देखते हुए।

ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाीफ इंडिया ए की टीम

  • इंडिया ए मल्टी-डे टीम: अमन मोक्हाड़े, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), साई सुदर्शन (उपकप्तान), यश राठौड़, शेख रशीद, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुश कोटियन, तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल हिंजे, एन जगदीशन (विकेटकीपर), नचिकेत भूटे और वी. व्यशाक।
  • इंडिया ए वनडे टीम: प्रियांश आर्या, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र [विकेटकीपर], निशांत सिंधु, विप्रज निगम, अर्शिन कुलकर्णी, अर्शद खान, नमन धीर, हार्दिक पांड्या*, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), गुरजपनीत सिंह और यश ठाकुर।

नोट: (*) इन खिलाड़ियों का टीम में शामिल होना फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर है।