हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आगाज आज (15 अगस्त) से होने जा रहा है। बेल्जियम और नीदरलैंड्स में आयोजित हो रहा यह टूर्नामेंट 16 दिन तक चलेगा। मेंस कम्पटीशन का पहला मैच भारत और वेल्स के बीच खेला जाना है। यह मुकाबला आज शाम 4:30 बजे से नीदरलैंड्स के वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। वर्ल्ड कप में 51 साल से खाली हाथ लौट रही भारतीय टीम की निगाहें अच्छी शुरुआत करने पर होंगी। भारत ने वेल्स के खिलाफ अब तक कोई मुकाबला नहीं गंवाया है। दोनों टीमों के बीच 4 बार टक्कर हुई है, जिसमें हर बार टीम इंडिया भारी पड़ी है।

हॉकी वर्ल्ड कप मैच कहां दिखेगा?

भारत में हॉकी वर्ल्ड कप का सीधा प्रसारण स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। टीवी पर वर्ल्ड कप के मैचों का लुत्फ उठाने के लिए स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क को ट्यून करना होगा। मोबाइल पर मैच देखने के लिए जियोहॉटस्टार ऐप्प पर जाना होगा। जियोहॉटस्टार वेबसाइट पर भी लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

 

यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप के लिए कितनी तैयार है भारतीय महिला टीम? पहले मैच में चीन से टक्कर

भारत की ताकत क्या है?

टीम इंडिया के पास दुनिया के बेहतरीन ड्रैगफ्लिकर्स में से एक हरमनप्रीत हैं। हरमनप्रीत सालों से अपने ड्रैगफ्लिक से गोल करते आ रहे हैं। वह अब तक 220 इंटरनेशनल गोल कर चुके हैं। हरमनप्रीत की मौजूदा फॉर्म थोड़ी चिंता का विषय है। यूरोप में खेले गए पिछले 8 प्रो-लीग मैचों में उन्होंने सिर्फ एक गोल किया है। वह उंगली की चोट के कारण सीजन के शुरुआती मैचों में नहीं खेले थे। पिछले दो सालों से वह चोटों से जूझते नजर आए हैं। हालांकि वह अब पूरी तरह से फिट हैं और पेरिस ओलंपिक वाले प्रदर्शन को दोहराने के लिए बेताब हैं।

 

अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा और राजिंदर सिंह जैसे टैलेंटेड अटैकिंग खिलाड़ी भी टीम में हैं। पिछले कुछ सालों में इन तीनों का प्रदर्शन शानदार रहा है। फील्ड गोल करने के मामले में अभिषेक का जवाब नहीं है। भारतीय टीम के कोच क्रेग फुल्टन चाहेंगे कि कि ये तीनों खिलाड़ी वर्ल्ड कप में भी अच्छा प्रदर्शन करें।

 

यह भी पढ़ें: UP टी20 लीग 2026: 34 मैच, कानपुर में फाइनल... देखिए सभी 6 टीमों का स्क्वॉड

डिफेंस है टीम इंडिया की कमजोरी

भारतीय टीम की सबसे बड़ी चिंता डिफेंस में है। इसमें सेट-पीस डिफेंस भी शामिल है। प्रो-लीग के पिछले दो सीजन में टीम पहले जैसी मजबूत नहीं दिखी। दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश के रिटायरमेंट और कृष्ण पाठक की खराब फॉर्म के कारण गोलकीपिंग डिपार्टमेंट भी कमजोर नजर आ रहा है। अहम पलों में टीम काफी गलतियां कर रही है। भारतीय टीम ने पिछले कुछ समय से बहुत ज्यादा पेनल्टी कॉर्नर दिए हैं। साथ ही मिले मौकों को गोल में तब्दील करने में संघर्ष किया है। फुल्टन का मानना है कि टीम ने अपने पिछले मैचों से सबक लिया है और कैंप के दौरान उन कमियों पर काम किया है।

भारत की हालिया फॉर्म कैसी है?

भारतीय मेंस हॉकी टीम वर्ल्ड रैंकिंग में 9वें नंबर पर है। हाल ही में प्रो-लीग में भारत का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। वह 9 टीमों में 8वें स्थान पर था। शुरुआती 8 मैचों में टीम इंडिया एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई थी। सीजन के दूसरे हाफ में टीम की फॉर्म सुधरी और उसने यूरोप में नीदरलैंड्स, जर्मनी, पाकिस्तान और इंग्लैंड जैसी टीमों को हराया, जिससे वह FIH नेशंस लीग में रेलिगेट होने से बच गई।

 

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश ने तीसरे दिन भी ऑस्ट्रेलिया को किया चित, जीत की दहलीज पर शांटो की टीम

भारत के पूल में और कौन-कौन है?

टीम इंडिया को वेल्स, इंग्लैंड और पाकिस्तान के साथ पूल-D में रखा गया है। ये टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी और टॉप-2 टीमें दूसरे राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। पूल-A में नीदरलैंड्स, अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड और जापान की टीमें हैं। पूल-B में बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस और मलेशिया शामिल हैं। पूल-C में ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, आयरलैंड और साउथ अफ्रीका की टीमों को रखा गया है।

 

वेल्स से खेलने के बाद भारतीय टीम 17 अगस्त को इंग्लैंड से टकराएगी। भारत-पाकिस्तान हाई-वोल्टेज मुकाबला 19 अगस्त को खेला जाएगा।

मेंस वर्ल्ड कप में भारत का शेड्यूल

  • 15 अगस्त: भारत बनाम वेल्स, शाम 4:30 बजे से, वैगनर हॉकी स्टेडियम 

 

  • 17 अगस्त: भारत बनाम इंग्लैंड, शाम 6:30 बजे से, वैगनर हॉकी स्टेडियम

 

  • 19 अगस्त: भारत बनाम पाकिस्तान, शाम 6:30 बजे से, वैगनर हॉकी स्टेडियम

नए फॉर्मेट में खेला जाएगा हॉकी वर्ल्ड कप

हॉकी वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव हुआ है। इस बार क्रॉसओवर मैच या क्वार्टर-फाइनल्स नहीं होंगे। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें दूसरे राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी, जहां उन्हें दो ग्रुपों में बांटा जाएगा। पूल-D से क्वालिफाई करने वाली दो टीमें पूल-A की टॉप-2 टीमों का सामना करेंगी, जबकि पूल-B की टॉप-2 टीमें पूल-C की टॉप-2 टीमों से भिड़ेंगी। दूसरे राउंड में एक टीम दूसरे पूल की दो टीमों का सामना करेगी और साथ ही अपने पूल की दूसरी क्वालिफाई करने वाली टीम के खिलाफ मिले पॉइंट्स को भी कैरी करेगी। इसके बाद दूसरे राउंड के पूल से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। वहीं पहले और दूसरे राउंड के पूल में सबसे नीचे रहने वाली दो टीमें क्लासिफिकेशन मैच खेलेंगी।

मेंस वर्ल्ड कप के लिए भारत का स्क्वॉड

गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा

 

डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच

 

मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकंटा शर्मा, विवेक सागर प्रसाद

 

फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मंदीप सिंह, अभिषेक