दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग 'इंडियन प्रीमियर लीग' का 19वां सीजन शुरू हो गया है। इस बार IPL 2026 में मैदान पर लगने वाले चौकों-छक्कों से ज्यादा खिलाड़ियों की चोट को लेकर हो रही है। लीग शुरू होने से पहले ही कुछ खिलाड़ी चोट की वजह से या तो पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं या लीग के पहले हफ्ते के बाद मैच खेलेंगे। इन खिलाड़ियों में कई ऐसे भी हैं, जिन्हें ऑक्शन में करोड़ों रुपये में खरीदा गया था। जब किसी खिलाड़ी पर ऑक्शन में करोड़ों रुपये की बोली लगती है तो फैंस के मन में यह सवाल जरूर उठता है कि क्या चोट लगने पर भी उन्हें पूरी रकम मिलेगी?

 

दरअसल, IPL में खिलाड़ियों की सैलरी का हिसाब-किताब काफी पेचीदा और सख्त नियमों के तहत होता है। यहां उपलब्धता ही सबसे बड़ा पैमाना है। अगर कोई खिलाड़ी करोड़ों के कॉन्ट्रैक्ट के बावजूद मैदान पर नहीं उतर पाता है तो उसकी सैलरी इस बात पर निर्भर करती है कि वह कब और कैसे बाहर हुआ है। BCCI के नियमों के मुताबिक, फ्रेंचाइजी की जिम्मेदारी और खिलाड़ी का हक चोट के समय के आधार पर तय होता है।

 

यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने तोड़ा विराट कोहली का खास रिकॉर्ड, IPL में जड़ा 50वां अर्धशतक

जानें BCCI के नियम

IPL में सैलरी का सबसे बुनियादी नियम यह है कि अगर कोई खिलाड़ी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही चोटिल होकर बाहर हो जाता है तो फ्रेंचाइजी उसे कोई भुगतान करने के लिए बाध्य नहीं है। वहीं, अगर खिलाड़ी अपनी टीम के कैंप में शामिल हो चुका है और टूर्नामेंट के दौरान चोटिल होता है तो फ्रेंचाइजी को उसे पूरी सैलरी देनी पड़ती है। इसके अलावा, टूर्नामेंट के दौरान चोटिल होने पर इलाज का पूरा खर्च भी संबंधित टीम ही उठाती है। जो खिलाड़ी केवल कुछ मैचों के लिए अनुपलब्ध रहते हैं उन्हें प्रो-राटा आधार (जितने दिन वे उपलब्ध रहे) पर भुगतान किया जाता है।

 

खिलाड़ियों को नीलामी में तय हुई पूरी रकम एक साथ कभी नहीं मिलती। भुगतान का तरीका फ्रेंचाइजी की माली हालत पर निर्भर करता है। कुछ अमीर टीमें खिलाड़ियों को कैंप के शुरू में ही चेक थमा देती हैं लेकिन ज्यादातर टीमें '15-65-20' के फॉर्मूले का पालन करती हैं। इसके तहत, कुल सैलरी का 15 प्रतिशत हिस्सा टूर्नामेंट शुरू होने से एक हफ्ते पहले दिया जाता है। इसके बाद 65 प्रतिशत हिस्सा टूर्नामेंट के दौरान किस्तों में मिलता है और बचा हुआ 20 प्रतिशत हिस्सा टूर्नामेंट खत्म होने के एक तय समय के भीतर चुकाया जाता है।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 के दूसरे मैच में मुंबई से हारी कोलकाता, KKR इस डिपार्टमेंट में रही फेल

इस सीजन में कई बड़े खिलाड़ी चोटिल

इस सीजन में चोटिल खिलाड़ियों की सूची काफी लंबी है। KKR के हर्षित राणा (घुटने की सर्जरी), राजस्थान के सैम करन (ग्रोइन इंजरी) और CSK के नाथन एलिस पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। सबसे बड़ा झटका चेन्नई के फैंस को तब लगा जब एमएस धोनी काफ स्ट्रेन के कारण शुरुआती दो हफ्तों के लिए मैदान से बाहर रहेंगे। इसी तरह मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस भी वर्कलोड मैनेजमेंट और छोटी चोटों के चलते कुछ मैच मिस करेंगे। इन मामलों में खिलाड़ियों की सैलरी उनकी उपलब्धता के दिनों के आधार पर तय की जाएगी।