भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना भारत के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल जीतने के बाद लगाया गया, जो 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। भारत ने यह मैच 96 रन से जीता था लेकिन अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ICC ने अर्शदीप सिंह पर जुर्माना क्यों लगाया? बता दें कि फाइनल मैच के दौरान अर्शदीप सिंह का एक थ्रो डेरिल मिचेल के पैड पर जा लगा था।

 

ICC ने अर्शदीप सिंह पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया है। ICC ने सोशल मीडिया पोस्ट और अपनी वेबसाइट पर एक प्रेस रिलीज के जरिए यह घोषणा की। ICC के अनुसार अर्शदीप सिंह ने कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 को तोड़ा है। यह मैच के दौरान गलत या खतरनाक तरीके से किसी दूसरे खिलाड़ी की तरफ या उसके पास गेंद या दूसरा सामान फेंकने से जुड़ा है।

 

यह भी पढ़ें: आ गई कुलदीप यादव की शादी की तारीख, कौन हैं होने वाली पत्नी वंशिका?

पूरा मामला क्या है?

दरअसल टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर के दौरान एक घटना हुई। जब टीम 256 रन के टारगेट का पीछा कर रही थी। बॉलिंग करते समय अर्शदीप ने अपने फॉलो-थ्रू में बॉल उठाई और स्टंप्स की तरफ फेंकी लेकिन बॉल बैट्समैन डेरिल मिचेल के पैड पर लगी। बॉल लगने के बाद अर्शदीप तुरंत माफी नहीं मांग सके और अपने रन-अप पर लौट गए। इस पर मिचेल थोड़े गुस्से में दिखे और वह अर्शदीप की तरफ बढ़े। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। ऑन-फील्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ ने भी अर्शदीप से थोड़ी बातचीत की।

 

यह भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप जीतकर पटना पहुंचे ईशान किशन, एयरपोर्ट पर हीरो जैसा हुआ स्वागत

 

यह चार्ज ICC के ऑन-फील्ड अंपायर एलेक्स व्हार्फ, थर्ड अंपायर अल्लाहुद्दीन पालेकर और फोर्थ अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने मिलकर तय किया। पिछले 24 महीनों में अर्शदीप सिंह का यह पहला उल्लंघन है। ICC के नियमों के अनुसार, लेवल 1 उल्लंघन के कारण खिलाड़ी को ऑफिशियल वॉर्निंग, मैच फीस का 50 परसेंट तक फाइन और एक या दो डिमेरिट पॉइंट्स जैसी पेनल्टी मिल सकती है।

मैच के बाद अर्शदीप ने मांगी माफी

जब फाइनल मैच समाप्त हुआ तो अर्शदीप सिंह ने डेरिल मिचेल से जाकर माफी मांगी। भारत की जीत के बाद बातचीत में उन्होंने बताया कि यह घटना पूरी तरह अनजाने में हुई थी। अर्शदीप ने कहा कि उनका थ्रो रिवर्स स्विंग हो गया था और गेंद मिचेल को लग गई, इसलिए उन्होंने उनसे तुरंत माफी मांगी।

 

यह भी पढ़ें: ICC ट्रॉफी जीतने वाली हर टीम का होगा सम्मान, नमन अवॉर्ड 2026 में क्या-क्या होगा?

 

बाद में न्यूजीलैंड टीम के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो में भी अर्शदीप को मिचेल से दोबारा माफी मांगते देखा गया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर मामला खत्म कर दिया।