टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल को वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज बनने के करीब हैं। वह न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल से सिर्फ एक अंक पीछे हैं। गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में 188 रन बनाए, जिसकी मदद से वह टॉप पर चल रहे मिचेल (802) को पछाड़ने के करीब पहुंच गए हैं। बुधवार (22 जुलाई) को जारी हुए ताजा रैंकिंग में गिल के अलावा विराट कोहली और रोहित शर्मा भी टॉप-5 में शामिल हैं।

कोहली-रोहित किस नंबर पर हैं?

विराट कोहली और रोहित शर्मा बल्लेबाजों की वनडे रैंकिंग में क्रमश: तीसरे और चौथे नंबर पर हैं। कोहली ने सीरीज के आखिरी दो मैचों में अर्धशतकीय पारी खेली थी। उनके पास 767 रेटिंग अंक हैं। वहीं लॉर्ड्स में शतकीय पारी खेलने वाले रोहित के खाते में 758 रेटिंग अंक हैं। भारत के नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर वनडे रैंकिंग में दो स्थान के फायदे से 13वें पायदान पर आ गए हैं।

 

भारत-इंग्लैंड सीरीज में 249 रन बनाने वाले जो रूट ने 4 पायदान की छलांग लगाई है। वह अब आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं। रूट को भारतीय गेंदबाज एक भी मैच में आउट नहीं कर पाए थे। इंग्लिश टीम के उनके साथी बेन डकेट भी 11 स्थान की लंबी छलांग के साथ संयुक्त रूप से 19वें पायदान पर पहुंच हैं। जैकब बेथेल भी पांच स्थान के फायदे से 64वें स्थान पर हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'हरारे मेरे लिए...' टी20 सीरीज से पहले वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे को चेताया

यह भी पढ़ें: CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स भारत में कहां दिखेगा, कितने खिलाड़ी हैं? हर डिटेल

कुलदीप को नुकसान

वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद टॉप पर बने हुए हैं। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में पांच विकेट चटकाने वाले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर एक स्थान के फायदे से पाकिस्तान के अबरार अहमद के बाद तीसरे स्थान पर आ गए हैं। वहीं कुलदीप यादव को एक भी मैच नहीं खेलने का नुकसान उठाना पड़ा है। कुलदीप यादव गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप-10 से बाहर होकर 11वें स्थान पर आ गए हैं।