अफगानिस्तान के खिलाफ पहले मैच में बड़ी जीत के बाद भारतीय टीम अब मंगलवार (15 सितंबर) को सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगी। इस मुकाबले में टीम इंडिया पांचवें गेंदबाज की समस्या का हल भी ढूंढना चाहेगी। हार्दिक पंड्या के चोटिल होने से भारत को पांचवें गेंदबाज की कमी खल रही है।
वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया ने रविवार को एकतरफा मुकाबले में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर छोटे फॉर्मेट में शानदार वापसी की। श्रेयस अय्यर की टीम ने पहले मैच में हर मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इस जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अर्शदीप ने 19 रन देकर तीन विकेट लिए और अफगानिस्तान को आठ विकेट पर 156 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद अभिषेक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 82 रन बनाए जिससे भारत ने 13.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर दिया। जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने भी चोट से वापसी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन भारत को इस महीने के आखिर में होने वाले एशियन गेम्स से पहले पांचवें गेंदबाज की कमी को जल्द ही दूर करना होगा।
यह भी पढ़ें: ट्रॉफी देने की जिद में जलील हो रहे मोहसिन नकवी, जय शाह से सीखनी चाहिए यह बात
रेड्डी-दुबे बुरी तरह पिटे
श्रेयस को पांचवें गेंदबाज के स्थान की भरपाई करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि ऑलराउंडर शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। रेड्डी ने दो ओवर में 30 रन लुटाए, जबकि आखिरी ओवर में गेंद संभालने वाले शिवम दुबे ने 21 रन दिए। अभिषेक ने भी एक ओवर किया। इस तरह तीनों ने मिलकर अपने चार ओवरों में 59 रन लुटाए।
अर्शदीप, बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के अच्छे प्रदर्शन से भारत को पांचवें गेंदबाजी के विकल्पों का खराब प्रदर्शन भारी नहीं पड़ा लेकिन आगे टीम को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: मोहसिन नकवी संग गलबहियां करते दिखे BCCI सचिव, VIDEO वायरल हुआ तो देनी पड़ी सफाई
बल्लेबाजी में सारी चिंताएं दूर
टीम इंडिया की बल्लेबाजी की बात करें तो अभिषेक ने अपनी तूफानी पारी से अपनी फॉर्म को लेकर उठ रही शंकाओं को दूर कर दिया। शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन ने अभ्यास के दौरान पीठ पर लगी मामूली चोट को दरकिनार करते हुए 33 गेंदों में 42 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन (10) को हालांकि टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए बड़ी पारी खेलनी होगी।
केरल के इस बल्लेबाज ने भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी लेकिन इसके बाद से वह कुछ खास नहीं कर सके हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले चार पारियों में केवल 33 रन बनाए। सैमसन को शानदार फॉर्म में चल रहे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें जल्द से जल्द बड़ा स्कोर बनाना होगा, जिससे कि वह एशियन गेम्स के लिए प्लेइंग-XI में अपनी जगह सुरक्षित बनाए रखें।
