भारतीय टीम ने रविवार (13 सितंबर) को पहले टी20 मैच में अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। अफगानिस्तान को 156 रन पर रोकने के बाद अभिषेक शर्मा (32 गेंद में 82 रन) की तूफानी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने महज 13.4 ओवर में टारगेट चेज कर लिया। अब उसकी निगाहें सीरीज कब्जाने पर है। इस सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला आज (मंलवार) खेला जाना है।
वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?
युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को पहले टी20 मैच में बाहर रखा गया था। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ओपनिंग करने उतरी थी। पिछले कुछ मैचों से रन बनाने के लिए जूझ रहे अभिषेक ने फॉर्म में वापसी की तो वहीं संजू फिर से जल्दी आउट हो गए। वह 8 गेंद में 10 रन बनाकर चलते बने।
दूसरे टी20 मैच में संजू को ड्रॉप कर वैभव को मौका दिया जा सकता है। या फिर टीम मैनेजमेंट रोटेशन पॉलिसी के तहत अभिषेक को आराम देकर वैभव को खिला सकती है। वैभव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो आतिशी अर्धशतकीय पारियां खेल खुद को साबित किया है कि वह 15 साल की उम्र में ही इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार हैं। बल्लेबाजी क्रम में ओपनिंग के अलावा बदलाव की गुंजाइश नहीं है।
यह भी पढ़ें: वरुण चक्रवर्ती फिर हुए चोटिल, अब किस कॉम्बिनेशन के साथ उतरेगी टीम इंडिया?
रवि बिश्नोई की चमक सकती है किस्मत
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती साइड स्ट्रेन के चलते अफगानिस्तान सीरीज के बाकी बचे दो मैचों से बाहर हो गए हैं। वरुण की जगह वॉशिंगटन सुंदर या रवि बिश्नोई को खिलाया जा सकता है। ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन चोट से वापसी कर रहे हैं। टीम मैनेजमेंट उन्हें एशियन गेम्स से पहले मैच टाइम देना चाहेगी। हालांकि वॉशिंगटन को खिलाने से प्लेइंग-XI में 4-4 ऑलराउंडर हो जाएंगे।
नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे और अक्षर पटेल पहले से ही टीम में हैं। ऐसे में वॉशिंगटन को न मौका देकर लेग स्पिनर बिश्नोई को उतारा जा सकता है। बिश्नोई ने जिम्बाब्वे दौरे पर वरुण को रिप्लेस किया था, जहां उन्होंने 3 टी20 मैचों में 6 से भी कम इकॉनमी से 3 विकेट अपने नाम किए थे।
यह भी पढ़ें: चेस ओलंपियाड का फॉर्मेट क्या है, भारत की राह में चुनौती कौन-कौन हैं? हर डिटेल
दूसरे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा , नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह , अर्शदीप सिंह
