भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा रहा है। अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है। सीरीज को 2-0 से अपने नाम कर चुकी भारतीय टीम 3 बदलाव के साथ उतरी है।
टॉस के समय भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने हम भी पहले बैटिंग ही करना चाहते थे। शुभमन ने बताया कि प्रसिद्ध कृष्णा, हर्ष दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी की प्लेइंग-XI में वापसी हुई है। केएल राहुल और अर्शदीप सिंह को आराम दिया गया है, जबकि कुलदीप यादव प्लेइंग-XI में अपनी जगह गंवा बैठे हैं।
यशस्वी को एक और मौका
बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल लखनऊ में खेले गए पिछले मुकाबले में फ्लॉप रहे थे। भारतीय वनडे टीम में वापसी करते हुए यशस्वी 9 गेंद खेलकर 4 रन ही बना सके थे। उन्हें खुद को साबित करने के लिए एक और मौका मिला है। यशस्वी के प्लेइंग-XI में रहने का मतलब है कि कप्तान शुभमन एक बार फिर नंबर-3 पर दिखेंगे।
रोहित शर्मा और यशस्वी पारी की शुरुआत करेंगे। शुभमन के बाद ईशान किशन और फिर उप-कप्तान श्रेयस अय्यर आएंगे। नीतीश, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे बैटिंग ऑर्डर को मजबूती देंगे। तेज गेंदबाजी युनिट की अगुवाई प्रसिद्ध करेंगे। उन्हें गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव का साथ मिलेगा। इन दोनों युवा तेज गेंदबाजों ने इसी सीरीज में अपने वनडे करियर की शुरुआत की है।
यह भी पढ़ें: इतिहास रचने की दहलीज पर गुरनूर बराड़
अफगानिस्तान की टीम में 4 बदलाव
क्लीन स्वीप टालने के इरादे से उतरी अफगानी टीम ने 4 बदलाव किए हैं। मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह ओमरजई फिट होकर प्लेइंग-XI में लौट आए हैं। जियाउर रहमान की वापसी हुई है। फरीद मलिक सीरीज में पहला मौका मिला है। सेदिकुल्लाह अटल, नागेयाल खरोटे, मोहम्मद सलीम और बिलाल सामी को ड्रॉप कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: भारत बनाम अफगानिस्तान पिच रिपोर्ट
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
भारत - रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव
अफगानिस्तान - रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), दारविश रसूली, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह ओमरजई, राशिद खान, एएम गजनफर, जियाउर रहमान, फरीद मलिक


