IPL 2026 के बाद अब भारतीय खिलाड़ी अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में उतरने वाला है। अफगानी टीम 1 टेस्ट और 3 वनडे मैच खेलने भारत दौरे पर आई है। इकलौता टेस्ट 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाने वाला है। इस मुकाबले के लिए शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम में कई नए चेहरों को मौका मिला है, जिसमें लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे का नाम भी शामिल है। 23 साल के हर्ष दुबे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ खेलते हैं। उनके नाम किसी एक रणजी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है।

 

हर्ष ने यह कारनामा 2024-25 सीजन में किया था। उन्होंने 69 विकेट लेकर बिहार के आशुतोष अमन (68 विकेट) को पीछे छोड़ा था। उस सीजन विदर्भ की टीम रणजी चैंपियन बनी थी, जिसमें हर्ष ने अहम भूमिका निभाई थी। हर्ष पिछले कुछ समय से लगातार इंडिया-ए का हिस्सा रहे हैं। वह अब तक 27 फर्स्ट क्लास मैचों में 133 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। हर्ष निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं, जिससे उन्हें रवींद्र जडेजा का परफेक्ट रिप्लेसमेंट माना जा जाता है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 9 अर्धशतक जमाए हैं।

 

यह भी पढ़ें: गायकवाड़, तिलक... ये 3 खिलाड़ी विराट कोहली को कर सकते हैं रिप्लेस

हर्ष को मिलेगा टेस्ट डेब्यू का मौका?

भारतीय टीम में हर्ष के अलावा राजस्थान के मानव सुधार भी चुने गए हैं। रवींद्र जडेजा को जैसे सीनियर खिलाड़ी को आराम दिए जाने से इन दोनों युवाओं की जगह बनी है। हर्ष की तरह सुथार ने भी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और 29 मैचों में 129 विकेट झटके हैं। साथ ही उनके नाम एक शतक और छह अर्धशतक भी दर्ज है। टीम इंडिया की प्लेइंग-XI में अब हर्ष और सुथार के बीच एक स्लॉट के लिए मुकाबला है। कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर जैसे अनुभवी स्पिनर डायरेक्ट प्लेइंग-XI में आएंगे, वहीं तीसरा स्पिनर हर्ष और सुथार में से कोई एक हो सकता है। 


आर अश्विन समेत कई दिग्गजों का मानना है कि पहले हर्ष को मौका मिलना चाहिए। अश्विन ने कहा कि हर्ष ने IPL में भी अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे उनका पलड़ा भारी है। बता दें कि हर्ष ने चेन्नई में अश्विन के मेंटोरशिप में काफी क्लब क्रिकेट खेला है, जिससे टीम इंडिया का यह पूर्व दिग्गज उन्हें काफी करीब से जानता है।

 

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से क्यों हटा रहा है BCCI?

हर्ष में अश्विन की खास दिलचस्पी

अश्विन ने जियोस्टार से कहा, 'मेरी नजरें हर्ष दुबे पर टिकी हुई हैं और मैं यह जानने के लिए उत्सुक हूं कि उन्हें मौका मिलता है या नहीं। हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि टीम मानव सुथार को चुनती है या हर्ष दुबे को लेकिन दुबे ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और इसलिए मेरी उनमें खास दिलचस्पी है।' 


उन्होंने आगे कहा, 'दुबे ने IPL में भी अच्छा प्रदर्शन किया था और इसलिए उनका पलड़ा भारी नजर आता है। मैं दुबे को डेब्यू करते हुए देखने के लिए उत्सुक हूं।' पूर्व भारतीय स्पिनर ने कप्तान शुभमन गिल से भी उम्मीद जताई है कि वे घरेलू मैदान पर भी विदेशों में किए गए अपने बल्लेबाजी प्रदर्शन को दोहराएंगे। उन्होंने कहा, 'गिल ने इंग्लैंड के दौरे में एक कप्तान और बल्लेबाज के रूप अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने वहां मुश्किल परिस्थितियों में रन बनाए और दबाव को अच्छी तरह से झेला। मुझे उम्मीद है कि वह घरेलू सीरीज में भी कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर अपनी छाप छोड़ेंगे।'

 

अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)