भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला कल (26 जून) बेलाफास्ट में खेला जाएगा। इस मुकाबले पर दुनिया भर के क्रिकेट फैंस की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि उन्हें उम्मीद है कि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिल सकता है। 15 साल के वैभव ने हाल ही में इंडिया-ए की ओर से श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल में 29 गेंद पर 94 रन की तूफानी पारी खेली थी, जिससे उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण को लेकर काफी उत्सुकता है। हालांकि वैभव को प्लेइंग-XI में लाना टीम मैनेजमेंट के लिए कतई आसान नहीं है।

 

अगर वैभव को खिलाया जाता है, तो संजू सैमसन , अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की तिकड़ी में से किसी एक को बाहर करना होगा। सूर्यकुमार यादव की जगह भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान बने श्रेयस अय्यर के लिए यह बड़ा सिरदर्द होगा कि वह किसे बाहर करेंगे। 

 

इस तिकड़ी के टी20 रिकॉर्ड को नजरअंदाज करना आसान नहीं है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मार्च में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली जीत में संजू, अभिषेक और ईशान ने अर्धशतक बनाए थे। इसके बाद भारत ने सबसे छोटे फॉर्मेट में कोई मैच नहीं खेला है। ऐसे में वर्ल्ड कप जीत के बाद किसी एक को भी बाहर बैठाना कठोर कदम होगा।

 

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के बाद एक और बिहारी खिलाड़ी का डेब्यू, कौन हैं आयुष पांडेय?

श्रेयस के जिगरी का डेब्यू तय

भारतीय टीम टॉप-3 में कोई बदलाव नहीं होता दिख रहा है। इसके बाद श्रेयस खुद आएंगे। तिलक वर्मा नंबर-5 पर खेल सकते हैं। छठे से आठवें नंबर तक के लिए भारत के पास कई ऑलराउंड विकल्प मौजूद है। शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल इन तीन स्पॉट्स के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। सूर्यांश शेडगे भी प्रबल दावेदार हैं। 23 साल के पेस बॉलिंग ऑलराउंडर शेडगे को नीतीश कुमार रेड्डी के इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में स्क्वॉड के साथ जोड़ा गया है। उनका डेब्यू भी तय माना जा रहा है।

 

शेडगे को श्रेयस का भरोसेमंद माना जाता है। श्रेयस ने उन्हें शुरुआती दिनों से देखा है। उनकी कप्तानी में ही इस युवा ऑलराउंडर ने अपने IPL करियर की शुरुआत की थी। पिछले साल IPL में शेडगे का बल्ला नहीं चला था लेकिन इस सीजन उन्होंने 10 पारियों में 163.36 के स्ट्राइक रेट से 165 रन ठोक दिए थे। हाल ही में श्रीलंका में आयोजित हुई ट्राई सीरीज में शेडगे ने कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने लोअर ऑर्डर में आकर नाबाद 26, 40 और 72 रन की पारियां खेली थीं। साथ ही 2 विकेट भी झटके थे। इस प्रदर्शन के बाद ये मानकर चला जा रहा है कि आयरलैंड की परिस्थितियों में उन्हें डेब्यू कैप सौंपी जा सकती है।

 

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के लिए इंग्लैंड में अलग चेजिंग रूम, क्या है ECB का नियम?

 

टीम इंडिया की प्लेइंग-XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा