भारत को आयरलैंड के हाथों पहले टी20I मैच में मिली शर्मनाक हार का सबसे बड़ा गुनहगार वॉशिंगटन सुंदर को बताया जा रहा है। ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन ने शुक्रवार (26 जून) को आयरलैंड के खिलाफ 1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्हें 19 रन पड़े। इसके बाद बल्लेबाजी में भी वह फेल रहे। उन्होंने 12 गेंद खेलकर सिर्फ 9 रन बनाए। इस फ्लॉप शो के बाद टीम में उनकी जगह पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि न तो वह गेंदबाजी कर पार रहे हैं और न ही उनसे बल्लेबाजी हो रही है, फिर भी उन्हें किस आधार पर मौके दिए जा रहे हैं?

पिछले 4 टी20I में कोई विकेट नहीं ले सके हैं वॉशिंगटन

वॉशिंगटन पिछले 4 टी20I मैचों में खाली हाथ रहे हैं। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में उतरने से पहले अहमदाबाद में 3 टी20I मैच खेले थे, जिसमें उनके खाते में एक भी विकेट नहीं रहा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ दिसंबर 2025 में उन्होंने पांचवें और आखिरी टी20I मुकाबले में 4 ओवर में 30 रन खर्चे थे। इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ 4 ओवर में 36 रन कूट दिए। 

 

यह भी पढ़ें: अब हॉकी में पाकिस्तान ने किया सरेंडर, टीम इंडिया ने FIH प्रो लीग 7-1 से रौंदा

 

वॉशिंगटन को सुपर-8 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका के सामने फिर से मौका मिला और फिर से कोई विकेट नहीं चटका पाए। उन्हें 2 ओवर गेंदबाजी दी गई, जिसमें उन्होंने 17 रन दिए।बल्ले से उनका प्रदर्शन और बुरा रहा है। पिछले 4 टी20I मुकाबलों में दो बार उनकी बल्लेबाजी की बारी आई है और वह 86.95 के बेहद खराब स्ट्राइक रेट से सिर्फ 20 रन ही जोड़ पाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ 1 बाउंड्री निकला है।

 

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में उतरेंगे नीरज चोपड़ा... AFI ने की पुष्टि, थरंगा से मिलेगी चुनौती

वॉशिंगटन के स्ट्राइक रेट पर सवालिया निशान

लगभग 9 साल से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे वॉशिंगटन का करियर स्ट्राइक रेट 129.24 का है। वह आमतौर पर लोअर ऑर्डर में बैटिंग करते हैं, जहां इतना कम स्ट्राइक रेट अस्वीकार्य है। उन्होंने अब तक 61 टी20I मैच खेले हैं, जिसमें 26 पारियों में वह सिर्फ 274 रन ही बना पाए हैं। उनकी गेंदबाजी के आंकड़े थोड़े बेहतर हैं। उन्होंने 7.05 की इकॉनमी से 51 विकेट चटकाए हैं। इस साल उनकी इकॉनमी 10 के पार पहुंच गई है, जिससे सवाल उठ रहे हैं कि व न तो बल्ले के साथ मैच विनर हैं और न ही गेंद से वह कमाल कर पा रहे हैं, फिर भी टीम मैनेजमेंट किस जिद पर अड़ा है? टैलेंटेंड खिलाड़ियों को बाहर रख उन्हें क्यों खिलाया जा रहा है?

 

टी20 वर्ल्ड कप में वॉशिंगटन के लिए उप-कप्तान अक्षर पटेल तक को प्लेइंग-XI से ड्रॉप कर दिया गया था, जिस पर काफी बवाल मचा। खुद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इसे अपनी गलती मानते हुए अक्षर से माफी मांगी थी। अब आयरलैंड सीरीज के शुरुआती मैच में सूर्यांश शेडगे जैसा फॉर्म में चल रहा हरफनमौला वॉशिंगटन के चलते बेंच पर नजर आया।