ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में रविवार (22 नवंबर) को भारत का सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। वैसे तो यह दोनों देशों की ए टीमों के बीच मुकाबला है लेकिन इसकी अहमियत इंटरनेशनल मैच से कम नहीं है। भारत-पाक की प्रतिद्वंद्विता को देखते हुए दोहा में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर दुनिया भर के क्रिकेट फैंस की निगाहें रहने वाली हैं।

 

इंडिया-ए टीम की अगुवाई तिलक वर्मा कर रहे हैं, जिसमें वैभव सूर्यवंशी , अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, हर्षित राणा और प्रिंस यादव जैसे सितारे हैं। टीम ने नेपाल को 326 रन से रौंदकर अपने अभियान का जोरदार आगाज किया है। कप्तान तिलक (107) और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (117) ने शतकीय पारियां खेली तो सूर्यांश शेडगे ने लोअर ऑर्डर में आकर आतिशी बल्लेबाजी करते हुए महज 14 गेंद में 1 चौका और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 36 रन ठोके। 

 

इंडिया-ए ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 332 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर नेपाल को महज 26 रन पर ढेर कर दिया। प्रिंस ने 5, जबकि हर्षित ने 4 विकेट झटके, जिससे टीम इंडिया ने नेपाल को एकतरफा अंदाज में 306 रन से रौंदा। इस बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद तिलक एंड कंपनी को पाकिस्तान से सावधान रहना होगा। पाक टीम ने पिछले एडिशन में इंडिया-ए को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। इंडिया-ए को खासकर इन 3 पाकिस्तानी खिलाड़ियों से अतिरिक्त सावधान रहने की जरूरत है।

 

यह भी पढ़ें: एशिया कप राइजिंग स्टार्स: भारत के सामने अब पाकिस्तान चुनौती, कब शुरू होगा मैच?

माज सदाकत 

ऑलराउंडर माज सदाकत बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। इस टूर्नामेंट में उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ 53 रन की पारी खेलने के बाद 2 विकेट लेकर पाकिस्तान-ए को जीत दिला चुके हैं। पिछले साल एशिया कप राइजिंग स्टार्स में सदाकत ने इंडिया-ए के खिलाफ 2 विकेट लेने के बाद 47 गेंद में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 79 रन ठोक अपनी ऑलराउंड काबिलियत दिखाई थी। 

 

इसके बाद उन्हें पाकिस्तान के लिए ODI और टी20I डेब्यू का मौका मिला। सदाकत ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 51 गेंद में 96 रन की पारी आतिशी पारी खेली थी। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 7 छक्के निकले थे।

 

यह भी पढ़ें: 'भारतवंशी' निखिल चौधरी ने अंग्रेजों के उड़ाए तोते, ऑस्ट्रेलिया की रोमांचक जीत 

अली राजा

पाकिस्तान के अंडर-19 स्टार अली राजा अपनी तूफानी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। महज 18 साल की उम्र में ही वह लगातार 140 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। उन्होंने पिछले साल अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे के विकेट लेकर भारत के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ थी। उन्होंने मैच में कुल 4 विकेट झटके थे और भारत को 156 पर समेट पाकिस्तान को 191 रन से खिताबी जीत दिलाई थी। इस टूर्नामेंट की बात करें तो UAE के खिलाफ उन्होंने 7 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे।

 

यह भी पढ़ें: वीडियो देखे... नेट्स में पसीना बहाया, न्यूजीलैंड में शतक लगाने के बाद बोले राहुल

सुफियान मुकिम

बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर सुफियान मुकिम ने हाल ही में कैरेबियन प्रीमियर लीग में एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 6 मैचों में 12 विकेट चटकाए थे। वह अल्जारी जोसेफ के बाद टीम के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। मुकिम ने अपनी फॉर्म को इस टूर्नामेंट में भी जारी रखते हुए UAE के खिलाफ 10 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट झटके थे।

 

मुकिम के पास इंटरनेशनल क्रिकेट का भी पर्याप्त अनुभव है। वह पाकिस्तान के लिए 4 ODI मैचों में 8, जबकि 22 टी20I मैचों में 30 विकेट झटक चुके हैं। 24 वर्षीय मुकिम ने भारत के खिलाफ 2 टी20I मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है।