भारतीय टीम आज (14 जून) ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करने जा रही है। हरमनप्रीत कौर ब्रिगेड के सामने पाकिस्तान की चुनौती है। यह महामुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाना है। टीम इंडिया ने वार्म-अप मैच में वेस्टइंडीज को मात दी थी, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था।
दूसरी तरफ पाकिस्तान की टीम ने अपने दोनों वार्म-अप मुकाबले गंवा दिए। यहां तक कि उसे स्कॉटलैंड के हाथों भी हार झेलनी पड़ी। यह बताता है कि पाक टीम किस हालत में है। तिस पर से कप्तान फातिमा सना की चोट ने उसकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फातिमा ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि वह भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए फिट हो जाएंगी। अब देखना है कि वह आज खेल पाती हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: भारत के सामने कितनी मजबूत है पाकिस्तान की टीम?
लगातार तीन टी20 वर्ल्ड कप मैच जीत चुका भारत
टीम इंडिया ICC रैंकिंग टी20 में चौथे पायदान पर है। वहीं पाकिस्तान आठवें नंबर पर है। दोनों टीमों के बीच अभी जितना बड़ा अंतर नजर आ रहा है, उससे कहीं ज्यादा हेड टू हेड रिकॉर्ड में है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अब तक 16 टी20 इंटनरेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसने 13 में जीत हासिल की है।
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का रिकॉर्ड 6-2 का है। टीम इंडिया पिछले 3 टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों में पाकिस्तान को हरा चुकी है। उसे आखिरी बार पाक से हार 2016 एडिशन में मिली थी। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में मिताली राज की कप्तानी वाली टीम निर्धारित 20 ओर में 7 विकेट खोकर 96 रन ही बना सकी थी।
इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 16 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 77 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। मुकाबला उसके हाथ से फिसलता दिख रहा था लेकिन दिल्ली की बारिश ने उसे बचा लिया। पाक टीम ने यह मैच DLS मेथड से 2 रन से जीत लिया।
यह भी पढ़ें: मोरक्को से हारते-हारते बचा ब्राजील, विनीसियस ने बचाई लाज
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमाह रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी/रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदनी शर्मा
पाकिस्तान - मुनीबा अली, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सायरा जबीन, रमीन शमीम, आलिया रियाज, फातिमा सना (कप्तान), एयमान फातिमा, डायना बेग, नशरा संधू, सादिया इकबाल
