ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने दूसरे सुपर-8 मुकाबले में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 72 रन से करारी शिकस्त दी है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम पूरे 20 ओवर खेलकर 184 रन तक ही पहुंच सकी। इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।
इस मैच के बाद साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर गया है और जिम्बाब्वे एलिमिनेट हो गया है। सुपर 8 के ग्रुप 1 की पॉइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका 4 पॉइंट्स के साथ टॉप पर है। वेस्टइंडीज +1.791 नेट रन रेट के साथ दूसरे और भारत -0.100 नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर है। आपको बता दें कि वेस्टइंडीज और भारत ने सुपर 8 में अब तक सिर्फ एक-एक मैच जीता है। जिम्बाब्वे ने कोई मैच नहीं जीता है, जिसकी वजह से वह चौथे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें: जो आया, मारता ही चला गया... टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में कभी नहीं हुआ ऐसा
भारत की पारी
जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया, जो पूरी तरह से भारत के पक्ष में गया। भारत ने अपनी पारी की धमाकेदार शुरुआत की और शुरू के 12 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। इसके बाद बाकी 8 ओवर में भारतीय टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाए। नतीजतन भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर जिम्बाब्वे के सामने 256 रन का बड़ा टारगेट रखा।
भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 55 रन बनाए। हार्दिक पांड्या ने नाबाद 50 और तिलक वर्मा ने 44 रन बनाए। जिम्बाब्वे के लिए रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, टिनोटेंडा मापोसा और सिकंदर रजा ने एक-एक विकेट लिया।
यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका की जीत से टीम इंडिया की बल्ले-बल्ले, अब सेमीफाइनल दूर नहीं!
जिम्बाब्वे की पारी
बड़े स्कोर का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी लेकिन धीमी रही। शुरू के 12 ओवर में जिम्बाब्वे ने 2 विकेट खोकर 87 रन बनाए। बाकी 8 ओवर में टीम ने 4 विकेट खोकर 97 रन बनाए। नतीजतन, जिम्बाब्वे ने 6 विकेट खोकर 184 रन बनाए। इसके बाद भारत ने मैच 72 रन से जीत लिया।
जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने सबसे ज्यादा नाबाद 97 रन बनाए। सिकंदर रजा ने भी 31 रन बनाए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट लिया।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: पाकिस्तान पर कहर बनकर टूटी न्यूजीलैंड की जीत, श्रीलंका भी बाहर!
टीम इंडिया सेमीफाइनल क्वालिफिकेशन सिनेरियो
जिम्बाब्वे को हराकर भारत ने अपने नेट रन रेट में काफी सुधार किया है। साउथ अफ्रीका से हारने के बाद वेस्टइंडीज के नेट रन रेट में काफी गिरावट आई है। वैसे भी नेट रन रेट अब भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने का कोई फैक्टर नहीं होगा। भारत को बस अपने आखिरी सुपर 8 मैच में सिर्फ वेस्टइंडीज को हराना होगा, जिसके बाद भारतीय टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी।
