श्रीलंका में खेली गई ट्राई सीरीज का खिताब इंडिया-ए ने अपने नाम कर लिया। सीरीज का फाइनल मुकाबला 21 जून को दांबुला के रांगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 377 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंका-ए की टीम इस लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और इंडिया-ए ने 66 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

 

इस सीरीज में इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के अलावा अफगानिस्तान-ए की टीम भी शामिल थी। ट्राई सीरीज में अफगानिस्तान की टीम चार में से सिर्फ एक ही मैच जीत सकी। जिसके बाद फाइनल मुकाबला इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेला गया।

 

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 11 गेंदों में जड़ी फिफ्टी

इंडिया-ए की पारी

श्रीलंका-ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए ने धमाकेदार शुरुआत की और तेज रफ्तार से रन बटोरे। टीम ने शुरुआती 10 ओवर में ही 2 विकेट खोकर 140 रन बना दिए थे। 44 ओवर तक स्कोर 300 रन तक पहुंच चुका था। आखिर में भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 377 रन बनाए। हालांकि, जिस अंदाज में इंडिया-ए ने पारी की शुरुआत की थी, उसे देखकर लग रहा था कि टीम आसानी से 400 से ज्यादा रन बना लेगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

 

यह भी पढ़ें: इंग्लैंड ODI सीरीज के लिए टीम इंडिया घोषित, कोहली के खेलने पर लटकी तलवार

 

पारी की शुरुआत से ही वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर दी। उन्होंने महज 11 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ दिया। वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा कप्तान तिलक वर्मा ने 67 रन बनाए, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ 40 रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंका-ए की ओर से वानुजा सहन, रविंदु फर्नांडो और कुगाथास मथुलन ने 2-2 विकेट लिए। वहीं मोहम्मद शिराज, सहान अराचिगे और दुलज समुदिथा को 1-1 विकेट मिला।

श्रीलंका-ए की पारी

श्रीलंका-ए की शुरुआत बिल्कुल अच्छी नहीं रही। टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी। हालांकि, बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी पार्टनरशिप जरूर कीं। पहले 10 ओवर में ही श्रीलंका-ए ने 75 रन पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। 44वें ओवर में टीम ने 300 रन का आंकड़ा पार किया लेकिन तब तक उसके 8 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। आखिरकार श्रीलंका-ए की पूरी टीम 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 47.1 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई। इसी के साथ इंडिया-ए ने यह मुकाबला 66 रन से अपने नाम कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: IND vs IRE T20I: BCCI ने वरुण चक्रवर्ती को टीम से बाहर क्यों किया?

 

श्रीलंका-ए की ओर से वानुजा सहान ने सबसे ज्यादा 62 रन की पारी खेली। उनके अलावा सदीरा समरविक्रमा ने 52 रन बनाए, जबकि कप्तान सहान अराच्चिगे ने 38 रन का योगदान दिया। वहीं इंडिया-ए के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। यश ठाकुर और विप्रज निगम ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। अनुकूल रॉय को 2 सफलताएं मिलीं, जबकि कप्तान तिलक वर्मा और अशोक शर्मा ने 1-1 विकेट झटका।