भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने 14 रन से जीत दर्ज कर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारतीय टीम 20 ओवर में 223 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। उस समय लगा कि थोड़े कम रन बने हैं लेकिन गेंदबाजों ने रांची वाली गलती नहीं की और लगातार अंतराल पर विकेट चटकाते हुए कैरेबियाई टीम को 209/ के स्कोर पर रोक दिया। इस तरह भारत-वेस्टइंडीज के बीच चल रही व्हाइट-बॉल सीरीज में पहली बार किसी टीम ने अपना टोटल डिफेंड किया।

अर्शदीप सिंह ने झटके 3 विकेट

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप ने अपने पहले ही ओवर में शाई होप (5) को क्लीन बोल्ड कर बड़ी सफलता दिलाई। वेस्टइंडीज के कप्तान होप लगातार बड़ी पारियां खेल रहे थे। ऐसे में उनका विकेट जल्दी मिलना टीम इंडिया के लिए बड़ी राहत रही। अगले ओवर में मयंक यादव ने शेमरोन हेटमायर को भी लगभग चलता कर दिया था लेकिन अभिषेक शर्मा शॉर्ट थर्ड पर कैच टपका बैठे। हेटमायर उस समय 5 रन के निजी स्कोर पर थे। उनको जीवनदान देना महंगा पड़ सकता था लेकिन नमन धीर ने सातवें ओवर में उन्हें क्लीन बोल्ड कर टीम इंडिया को दूसरी सफलता दिला दी। हेटमायर 26 गेंद में 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

 

अक्षर पटेल ने 10वें ओवर में रोवमन पॉवेल (5) का विकेट झटका। कामिल पूरन ने समय लेने के बाद आक्रामकता दिखाई लेकिन वह भी नमन धीर का शिकार बन गए। इसके बाद क्वेंटिन सैम्पसन और शरफेन रदरफोर्ड के बीच छोटी साझेदारी हुई, जिसने भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर की चिंता बढ़ा दी थी। नीतीश कुमार रेड्डी ने सैम्पसन (21) को विकेट लेकर इस जोड़ी को तोड़ा। वेस्टइंडीज की आधी टीम 151 पर सिमट चुकी थी लेकिन उसकी उम्मीदें रदरफोर्ड पर टिकी हुई थीं। 17वां ओवर लेकर आए अर्शदीप ने पहली 3 गेंद में कीमो पॉल (10) और रदरफोर्ड को पवेलियन भेज कैरेबियाई टीम की बची-खुची उम्मीदें भी ध्वस्त कर दी। 

 

यह भी पढ़ें: जब हेडिंग्ले में भारत ने तोड़ा अंग्रेजों का घमंड, सचिन-द्रविड़-गागुंली का शतक

 

शमार स्प्रिंगर ने आखिरी ओवर में 22 रन जरूर बनाए लेकिन वह सिर्फ हार का ही अंतर कम कर सके। अर्शदीप ने 4 ओवर में 44 रन देकर 3 विकेट लिए। नमन धीर को 2 सफलता मिली। अक्षर और रेड्डी ने 1-1 विकेट लिए। मयंक यादव और प्रिंस यादव खाली हाथ रहे।

ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी

संजू सैमसन (3) के जल्दी आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने 108 रन की धमाकेदार साझेदारी की लेकिन यह जोड़ी टूटते ही विकेटों की झड़ लग गई। टीम इंडिया का स्कोर 115/1 से 135/5 हो गया। ईशान किशन 18 गेंद में 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया। अभिषेक शर्मा ने 30 गेंद में 69 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

 

यह भी पढ़ें: उदयवीर सिद्धू ने ISSF वर्ल्ड कप में जीता गोल्ड, 10 मीटर एयर पिस्टल में किया कमाल

 

अभिषेक-ईशान के आउट होने के बाद तिलक वर्मा (28) ने नमन धीर (10) और नीतीश कुमार रेड्डी (21) के साथ मिलकर टीम इंडिया को 200 के करीब पहुंचाया लेकिन वह अहम मौके पर रन आउट हो गए। अक्षर पटेल (20), अर्शदीप सिंह (11) और प्रिंस यादव (13) ने आखिरी ओवरों में बहुमूल्य रन जुटाए, जो मैच के अंत में निर्णायक साबित हुआ।