भारतीय टीम के श्रीलंका दौरे का ऐलान हो गया है। टीम इंडिया अगले महीने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका जाने वाली है। सीरीज की शुरुआत गॉल में होगी, जबकि दूसरा और आखिरी मुकाबला कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड (SSC) में खेला जाएगा। यह सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) साइकल 2025-27 का हिस्सा है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए यह दौरा बेहद अहम दौरा रहने वाला है।
शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम WTC पॉइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर है। वहीं श्रीलंका छठे स्थान पर है। भारत अपने पहले WTC टाइटल की तलाश में है। वह अब तक दो बार WTC का फाइनल खेल चुका है लेकिन वह खिताब जीतने में नाकाम रहा है। दूसरी तरफ श्रीलंकाई टीम एक बार भी फाइनल में जगह नहीं बना सकी है।
यह भी पढ़ें: वैभव की तारीफ में शास्त्री का बेतुका बयान, आखिर दूसरों को कब सम्मान देंगे हम?
क्या भारत के दौरे का शेड्यूल?
भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरे टेस्ट 23 अगस्त से शुरू होगा, जिसकी मेजबानी SSC कोलंबो को दी गई है। ये दोनों मैच भारतीय समयानुसार, सुबह 10 बजे से खेले जाएंगे। टीम इंडिया 9 साल बाद श्रीलंका के दौरे पर जा रही है। पिछली बार वह विराट कोहली की अगुवाई में इस द्विपीय देश के दौरे पर गई थी, जहां उसने 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम का सूपड़ा साफ कर दिया था।
यह भी पढ़ें: प्रज्ञानानंदा ने कीमर को हराया, गुकेश के साथ खेला ड्रॉ
भारत का श्रीलंका दौरा
- पहला टेस्ट - 15-19 अगस्त, गॉल
- दूसरा टेस्ट - 23-27 अगस्त, SSC कोलंबो
श्रीलंका के खिलाफ शानदार है भारत का रिकॉर्ड
भारत-श्रीलंका के बीच अब तक 46 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 22 मुकाबलों में बाजी मारी है। वहीं श्रीलंका ने सिर्फ 7 टेस्ट मैच जीते हैं। उसने ये सभी मुकाबले अपने घरेलू मैदान पर जीते हैं। यानी वे अपनी जमीन पर भारत जैसी मजबूत टीम को भी हराने का दम रखते हैं। हालांकि गौर करने वाली बात ये है कि भारतीय टीम ने श्रीलंका को उसके घर में जाकर 9 टेस्ट मैचों में मात दी है।


