भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (24 अक्टूबर) को खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। 181 रन के रन चेज में भारत की आधी टीम 70 रन पर सिमट गई थी। संजू सैमसन (14), वैभव सूर्यवंशी (4), अभिषेक शर्मा (27), श्रेयस अय्यर (7) और अक्षर पटेल (11) सभी पवेलियन लौट गए थे। टीम इंडिया की हार तय नजर आ रही थी। नमन धीर ने यहां से 17 गेंद में 31 रन की पारी खेलकर भारत को संकट से उबारा।

 

नमन धीर जब आउट हुए, उस समय टीम इंडिया को 31 गेंद में 69 रन बनाने थे। यहां से तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने मोर्चा संभाला और 1 गेंद पहले ही भारीय टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। तिलक ने 26 गेंद में नाबाद 51 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। नीतीश ने 13 गेंद में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 26 जड़े। कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट झटके लेकिन उनकी मेहनत पर पानी फिर गया।

 

यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस के हेड कोच बने कीरोन पोलार्ड, IPL 2027 से पहले मिला प्रमोशन

यह भी पढ़ें: IND A vs NZ A: 5 बल्लेबाज जीरो पर आउट, 113 रन पर सिमटी इंडिया A की टीम

न्यूजीलैंड की ऐसी रही पारी

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मेजबान टीम ने दूसरे ही ओवर में टिम साइफर्ट (7) का विकेट गंवा दिया। साइफर्ट को अर्शदीप सिंह ने चलता किया। कीवी टीम इस झटके से उबरी भी नहीं थी कि भुवनेश्वर कुमार ने डैरिल मिचेल (6) को पवेलियन भेज दिया। प्रिंस यादव ने फिन एलेन (16) को क्लीन बोल्ड कर न्यूजीलैंड का स्कोर 41/3 कर दिया। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और बेवोन जैकब्स ने शतकीय साझेदारी कर न्यूजीलैंड को 150 के पार पहुंचाया। 

 

फिलिप्स ने लगातार दूसरे मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया और 43 गेंद में 70 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। जैकब्स ने 46 गेंद में 58 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्का निकला। ब्रेसवेल ने 2 गेंद खेलकर नाबाद 10 रन बनाए, जिससे कीवी टीम ने 180 रन का आंकड़ा छुआ लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट चटकाए। प्रिंस यादव, भुवनेश्वर कुमार और नीतीश रेड्डी को 1-1 सफलता मिली।