भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन बॉलिंग यूनिट के अच्छे प्रदर्शन की सराहना की लेकिन ये भी माना कि टीम इंडिया हेगले ओवल की परिस्थितियों का और बेहतर फायदा उठा सकती थी। न्यूजीलैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 246 रन बनाए हैं। उसका स्कोर एक समय 4 विकेट पर 110 रन था लेकिन आखिरी सेशन में उसने 115 रन बनाए और सिर्फ 1 विकेट गंवाया।
आकाश ने स्टंप्स के बाद पत्रकारों से कहा, 'कुल मिलाकर हमने अच्छा खेल दिखाया लेकिन हम और बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे। मगर मुझे लगता है कि यह ठीक है।'
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने पहले दिन बनाए 246 रन, बुमराह नहीं चटका पाए कोई विकेट
रणनीति में बदलाव करने से मिला विकेट - आकाश दीप
आकाश दीप ने बताया कि पहले और दूसरे सेशन में परिस्थितियां अलग-अलग थीं, जिसके कारण भारतीय टीम को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ा और उन्होंने अधिक मूवमेंट हासिल करने के बजाय सही लाइन पर गेंदबाजी करने पर फोकस किया।
इस भारतीय तेज गेंदबाज ने कहा, 'आज पिच थोड़ी ताजा थी, जिससे हमें काफी मदद मिली लेकिन पहले सेशन में थोड़ी नमी थी। इसलिए गेंद तेज गति से नहीं निकल रही थी। गेंद बल्ले का किनारा लेकर नहीं जा रही थी।'
भारत को जब लगा कि बल्लेबाजों को खेलने में ज्यादा परेशानी नहीं हो रही है तो उसके गेंदबाजों ने धैर्य बनाए रखा और सटीक लाइन पर गेंदबाजी करने का फैसला किया। यह रणनीति कारगर साबित हुई और उसे दूसरे सेशन में 3 विकेट मिले। आकाश दीप ने कहा, 'लंच के बाद हमने गेंद सही जगह पर डालने का फैसला किया। हमारी रणनीति संयम बनाए रखकर गेंद को सही जगह पर डालने की थी। हमने ऐसा ही किया और हमें 3 विकेट मिले।'
यह भी पढ़ें: IND v NZ: कभी पेस अटैक को लीड कर रहे थे सिराज, इंग्लैंड दौरे के बाद कैसे पिछड़े?
'गेंद पुरानी होने पर गेंदबाजी मुश्किल'
आकाश दीप ने यह भी बताया कि हेगले ओवल की पिच से वेलिंगटन की पिच की तुलना में अधिक समय तक गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, जहां पिच पर शुरू में घास थी लेकिन बाद में उससे गेंदबाजों को फायदा नहीं मिला। आकाश दीप ने कहा कि गेंद पुरानी होने के साथ-साथ गेंदबाजी करना और भी चुनौतीपूर्ण होता जाता है।
उन्होंने कहा, 'गेंद पुरानी हो जाने पर बल्लेबाजों के लिए काम आसान हो जाता है और गेंदबाजों के लिए मुश्किल बढ़ जाती है। हम ज्यादा आक्रामक होकर नहीं खेल सकते, क्योंकि हमें रन गति पर भी अंकुश लगाना होता है। हमें मैच में बने रहना होगा। टेस्ट क्रिकेट में यही महत्वपूर्ण होता है।'
आकाश दीप ने कहा, 'पिछले मैच की पिच काफी हरी भरी थी लेकिन उसके बाद वह एकदम सपाट हो गई थी। कोई भी तेज गेंदबाज सोचता है कि इतना हरा-भरा होने के बावजूद ऐसा कैसे हो सकता है। यह विकेट तेज गेंदबाज के लिए बेहतर हो सकता है। इससे गेंदबाजों को लंबे समय तक मदद मिलने की उम्मीद है। हम यहां की परिस्थितियों से वाकिफ हो चुके हैं और सही लेंथ हासिल करना उतना मुश्किल नहीं है।'
