टीम इंडिया ने सभी मिथकों को तोड़ते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (8 मार्च) को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में कीवी टीम 159 पर ही सिमट गई।

रविवार को वर्ल्ड कप नहीं जीतने का मिथक भी टूटा

भारतीय टीन ने इससे पहले 2 टी20 वर्ल्ड कप और 2 वनडे वर्ल्ड कप के खिताब जीते थे लेकिन इनमें से किसी का भी फाइनल रविवार को नहीं खेला गया था। वहीं टीम इंडिया रविवार को 3 वर्ल्ड कप का फाइनल गंवा चुकी थी। अहमदाबाद में 19 नवंबर 2023 की वह दिल तोड़ने वाली हार भी रविवार को ही मिली थी। इसके अलावा कोई भी मेजबान टीम अब तक टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन नहीं बन पाई थी। सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड ने इन सभी मिथकों को धत्ता बताते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

 

यह भी पढ़ें: पृथ्वी शॉ ने कर ली सगाई, जानिए कौन हैं मंगेतर आकृति अग्रवाल?

संजू सैमसन के बल्ले से फिर निकले रन

पिछले दो मैचों में मैच विजयी पारी खेलने के बाद संजू सैमसन ने फाइनल में भी धांसू बैटिंग की। उन्होंने 46 गेंद में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रन जड़े। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया। पूरे टूर्नामेंट में फ्लॉप रहे अभिषेक शर्मा ने खिताबी मुकाबले में 21 गेंद में 52 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। ईशान किशन ने 25 गेंद में 54 रन बटोरे। 

 

ईशान ने अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के उड़ाए। भारतीय टीम टॉप-3 ने 15 ओवर में ही स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया था। इसके बाद बीच में पारी लड़खड़ाई लेकिन शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में 24 रन ठोक भारत को 250 के पार पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम ने 4 ओवर में 46 रन देकर 3 विकेट लिए। हालांकि उनकी कोशिश बेकार चली गई।

 

यह भी पढ़ें: संजू सैमसन के कान में क्या बोले थे रोहित शर्मा? हिटमैन ने खोला राज

एक और वर्ल्ड कप फाइनल हारी कीवी टीम

न्यूजीलैंड की टीम ने 2015 और 2019 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन वह खिताब से चूक गई। कीवी टीम को 2021 टी20 वर्ल्ड कप के भी फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। न्यूजीलैंड के पास वर्ल्ड कप खिताब के सूखे को खत्म करने का मौका था लेकिन भारत ने उसके सामने इतना विशाल टारगेट रख दिया कि उसका सपना अधूरा रह गया। कीवी टीम की ओर से टिम सिर्फ टिम साइफर्ट ही चल सके। उन्होंने 26 गेंद में 52 रन ठोके। वहीं कप्तान मिचेल सैंटनर ने 35 गेंद में 43 रन बनाए। हालांकि ये रन सिर्फ हार का अंतर कम करने के ही काम आ सके। 

 

भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए। हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को एक-एक सफलता मिली।