ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले की घड़ी आ गई है। आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला जाना है। टीम इंडिया अपने टाइटल को डिफेंड करने उतरेगी। वहीं न्यूजीलैंड की नजर पहली बार वर्ल्ड कप जीतने पर है। कीवी टीम ने पहले सेमीफाइनल में खिताब की प्रबल दावेदार साउथ अफ्रीकी टीम को एकतरफा अंदाज में रौंदकर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई है।
न्यूजीलैंड ने 2021 में खिताबी मुकाबले तक का सफर तय किया था, जहां ऑस्ट्रेलिया के हाथों उसे हार मिली थी। दूसरी तरफ भारतीय टीम का यह चौथा फाइनल है। टीम इंडिया ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड पर 7 रन की रोमांचक जीत के साथ खिताबी मुकाबले में एंट्री ली है। भारतीय टीम 2007 और 2024 में ट्रॉफी पर कब्जा जमा चुकी है। वहीं 2014 के फाइनल में उसे हार का सामना करना पड़ा था। सूर्यकुमार यादव फाइनल के इस रिकॉर्ड को 3-1 करना चाहेगी।
यह भी पढ़ें: 'कदम उनके, जूते मेरे...' फाइनल से पहले रोहित शर्मा पर क्या बोले सूर्या?
सूर्या की कप्तानी में बनेगा इतिहास?
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में आज तक कोई मेजबान टीम खिताब नहीं जीत पाई है। इसके अलावा कोई भी टीम लगातार दो बार चैंपियन नहीं बन पाई है। सूर्या की कप्तानी में भारतीय टीम इन दोनों मिथकों को तोड़ इतिहास रचना चाहेगी। इसके लिए टीम इंडिया को बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
जसप्रीत बुमराह को छोड़कर सभी गेंदबाज महंगे जा रहे हैं। खासकर वरुण चक्रवर्ती अपनी धार खो बैठे हैं। उनकी जगह कुलदीप यादव को मौका दिया जा सकता है। कुलदीप इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच खेले हैं। उन्हें प्लेइंग-XI में लाने के लिए टीम मैनेजमेंट को कड़ा फैसला लेना होगा, क्योंकि वरुण लंबे समय से प्लान का हिस्सा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: भारत या न्यूजीलैंड, टी20 वर्ल्ड कप फाइनल हारने पर किसे मिलेगा चोकर्स का ठप्पा?
कीवी में क्या होगा बदलाव?
न्यूजीलैंड का बैटिंग ऑर्डर सेटल है। कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर जिमी नीशम की जगह जैकब डफी को खिलाने के बारे में सोच सकते हैं। नीशम को सेमीफाइनल मुकाबले में खिलाया गया था लेकिन उनकी उतनी जरूरत नहीं पड़ी। न्यूजीलैंड की टीम अपनी गेंदबाजी को मजबूती देने के लिए नीशम पर डफी को तरजीह दे सकती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव/मोहम्मद सिराज
न्यूजीलैंड - टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोले मैककॉन्ची, जिमी नीशम/जैकब डफी, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन
