भारतीय मेंस टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में विजयी आगाज किया था लेकिन इंग्लैंड से मिली 2-4 की बड़ी हार ने उसकी राह मुश्किल कर दी है। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने वेल्स को 3-1 से हराकर अपनी तैयारियों का पुख्ता सबूत दिया था। उम्मीदें जगीं कि वर्ल्ड कप में 32 साल बाद भारतीय टीम इंग्लैंड को हराएगी लेकिन ऐसा हो नहीं सका। पहले हाफ में बढ़त बनाने के बावजूद टीम इंडिया को शिकस्त झेलनी पड़ी।
टीम को लचर डिफेंस और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील नहीं करने का खामियाजा भुगतना पड़ा। अब टीम इंडिया को पाकिस्तान से भिड़ना है। यह बड़ा मुकाबला आज (19 अगस्त) नीदरलैंड्स के वैगनर हॉकी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार, शाम 6:30 बजे से खेला जाएगा। भारतीय टीम को अगले राउंड में जाने के लिए सिर्फ ड्रॉ की जरूरत है, जबकि पाकिस्तान को बड़े अंतर से जीत की आवश्यक्ता है। आइए जानते हैं इस मुकाबले को घर बैठे कहां लाइव देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप: दूसरे राउंड में पहुंच जाएगा भारत, सेमीफाइनल मुश्किल क्यों है?
कहां दिखेगा भारत-पाकिस्तान हॉकी मैच?
हॉकी वर्ल्ड कप का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। भारत-पाकिस्तान मैच टीवी पर देखने के लिए आपको स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क को ट्यून करना होगा। अगर आप मोबाइल पर मैच का लुत्फ लेना चाहते हैं, तो जियोहॉटस्टार ऐप्प पर जाना होगा। जीयोहॉटस्टार की वेबसाइट पर भी लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें: टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के... ऋषभ पंत ने तोड़ा गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड
भारत-पाक का वर्ल्ड कप में कैसा है रिकॉर्ड?
पाकिस्तान ने सबसे ज्यादा 4 बार वर्ल्ड कप जीता है। वहीं भारत सिर्फ 1 बार ही वर्ल्ड चैंपियन बन पाया है। इस टूर्नामेंट के इतिहास में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें अब तक 6 बार आमने-सामने हुई हैं, जिसमें भारत 3-2 से आगे है। वहीं एक मुकाबला ड्रॉ रहा था। हालिया फॉर्म की बात करें तो भारतीय टीम 10 साल से पाकिस्तान से कोई मैच नहीं हारी है। टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप से ठीक पहले प्रो-लीग के यूरोप चरण में पाकिस्तान को 7-1 और 4-3 से धोया था।
पाकिस्तानी टीम इस वर्ल्ड कप में कोई मैच नहीं जीत सकी है। उसे पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने 4-1 से रौंद दिया था। इसके बाद उसने वेल्स के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेला। आज भारत के हाथों हारते ही पाक टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
