टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है। सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड ने 'करो या मरो' वाले मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से धूल चटा दी है। भारतीय टीम ने अपने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज कर सेमीफाइनल में एंट्री ले ली है। कैरेबियाई टीम ने 195 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे भारत ने संजू सैमसन की नाबाद 97 रन की पारी की रिकॉर्डतोड़ पारी की बदौलत 19.2 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया।

 

संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने दो बार नाबाद 82-82 रन की पारियां खेली थी। संजू ने अपनी पारी में 50 गेंद का सामना किया और 12 चौके और 4 छक्के लगाए।

 

यह भी पढ़ें: 35 की उम्र में भी चीते जैसी फूर्ती... सूर्यकुमार यादव ने लपका हैरतअंगेज कैच

अकेले खड़े रहे संजू

दबाव वाले मैच में विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पावरप्ले के अंदर ही अभिषेक शर्मा (10) और ईशान किशन (10) के विकेट गंवा दिए थे। संजू ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की। इस पार्टनरशिप में सूर्या का योगदान महज 18 रन का रहा, जिसके लिए उन्होंने 16 गेंद ली। सूर्या के आउट होने के बाद तिलक वर्मा ने संजू का अच्छा साथ निभाया। 

 

तिलक ने 15 गेंद में 27 रन की पारी खेली। उनका विकेट 141 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद संजू ने हार्दिक पंड्या (17) के साथ मिलकर भारत को जीत के करीब पहुंचाया। भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 6 रन बनाने थे। संजू ने पहली गेंद पर ही छक्का जड़ मैच स्कोर बराबर कर दिया और फिर अगली गेंद को चौके के लिए भेज भारत की सेमीफाइनल की टिकट बुक कर दी।

 

यह भी पढ़ें: हेटमायर को दिया गया गलत OUT? डगआउट में विंडीज कोच का रिएक्शन वायरल

सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा भारत 

टीम इंडिया अब सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड से भिड़ेगी। यह मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इंग्लैंड सुपर-8 के ग्रुप-2 में टॉप पर रहा था। वहीं भारत ने ग्रुप-1 में दूसरे स्थान पर फिनिश किया है।