भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 मुकाबला आज (11 अक्टूबर) इंदौर में है। कैरेबियाई कप्तान शाई होप ने टॉस जीतने के बाद टीम इंडिया को बल्लेबाजी के लिए बुलाया है। भारतीय टीम 2 बदलाव के साथ उतरी है। शिवम दुबे और कुलदीप यादव को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। उनकी जगह नीतीश कुमार रेड्डी और प्रिंस यादव की प्लेइंग-XI में एंट्री हुई है।
वेस्टइंडीज ने भी किए बदलाव
होप ने टॉस के दौरान बताया कि रोमारियो शेफर्ड को हल्की चोट है। ऐसे में उन्हें आराम दिया गया है। शेफर्ड पिछले मैच में अपने कोटे के 4 ओवर पूरा नहीं कर सके थे और मैदान के बाहर चले गए थे। हालांकि बाद में उन्होंने बल्लेबाजी की थी। उन्हें एहतियात के तौर पर इंदौर में नहीं उतारा गया है। वहीं अकील हुसैन को बाहर कर दिया गया है। इन दोनों को क्वेंटिन सैम्पसन और कीमो पॉल ने रिप्लेस किया है।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को आने दो... टी20 सीरीज से पहले कीवी तेज गेंदबाज ने क्या कहा?
इंदौर में कौन मारेगा बाजी?
5 मैचों की यह टी20 सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। लखनऊ में श्रेयस अय्यर की शतकीय पारी की मदद से टीम इंडिया ने 8 विकेट से जीत हासिल की थी। रांची में खेले गए दूसरे मैच में वेस्टइंडीज ने जोरदार वापसी की। कैरेबियाई टीम ने 250 रन के टारगेट को आसानी से हासिल कर इतिहास रच दिया था। होप ने शतकीय पारी खेली तो शरफेन रदफोर्ड ने ताबड़तोड़ 84 रन ठोके। रांची की तरह इंदौर में भी रनों की बारिश देखने को मिल सकती है। अब देखना है कि दोनों टीमों में कौन बाजी मारती है।
यह भी पढ़ें: अरुणाचल क्रिकेट में चल क्या रहा है, टीम का रणजी ट्रॉफी मैच रद्द क्यों हो गया?
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा , नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह
वेस्टइंडीज - शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), कामिल पूरन, शिमरोन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोस्टन चेज, कीमो पॉल, शमार स्प्रिंगर, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती
