भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांचवां और निर्णायक टी20 मुकाबला बारिश में धुल गया है। इस तरह सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में यह मुकाबला सवा दो घंटे की देरी से शुरू हुआ, जिसके कारण 9-9 ओवर का मैच रखा गया। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने 7.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 118 रन बना लिए थे, तभी फिर से बारिश आ गई और दोबारा खेल नहीं शुरू हो सका। 

 

भारतीय समयानुसार, 5 ओवर के चेज के लिए कटऑफ टाइम रात 10 बजकर 21 मिनट था लेकिन बारिश छूटने के आसार नहीं दिखने पर 4 मिनट पहले ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिला लिए। टीम इंडिया 4 साल बाद घर में टी20 सीरीज नहीं जीत सकी। पिछली बार 2022 में साउथ अफ्रीका ने भारत को 5 मैचों की सीरीज में 2-2 की बराबरी पर रोका था।

 

यह भी पढ़ें: Asian Para Games: मानसी और थुलासिमथि मुरुगेसन की सेमीफाइनल में एट्री, मेडल पक्का

ईशान किशन और नमन धीर ने मचाया तहलका

अभिषेक शर्मा ने पहले ओवर में ही छक्का जड़ दिया था लेकिन कीमो पॉल ने अगली ही गेंद पर जबरदस्त वापसी की और उन्हें चलता कर दिया। इसके बाद क्रीज पर उतरे ईशान किशन ने दूसरे ओवर में रोमारियो शेफर्ड के खिलाफ 24 रन बटोरकर बता दिया था कि वह आज आर-पार के मूड में हैं। उन्होंने शेफर्ड की एक गेंद को स्टेडियम के बाहर ही भेज दिया। ईशान ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर आउट होने से पहले 10 गेंद में 30 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। लंबे समय तक स्ट्राइक से दूर रहे संजू सैमसन ने 7 गेंद में 16 रन ठोके।

 

कप्तान श्रेयस अय्यर 14 गेंद खेलकर 22 रन ही बना सके। उनकी धीमी पारी टीम इंडिया को भारी पड़ती दिख रही थी लेकिन नमन धीर ने 6 गेंद में नाबाद 24 रन ठोक भरपाई कर दी। उन्होंने धुआंधार बैटिंग करते हुए 1 चौके और 3 छक्के उड़ाए। तिलक वर्मा 6 गेंद में 7 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बारिश आ गई और आगे खेल नहीं हो सका। वेस्टइंडीज की ओर से कीमो पॉल और शमार स्प्रिंगर ने 2-2 विकेट झटके।

 

यह भी पढ़ें: अमृता पुजारी ने U23 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में जीता सिल्वर, स्वीटी हारीं

भुवनेश्वर की वापसी का मजा किरकिरा

अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को मैच के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था। उन्हें प्लेइंग-XI में भी जगह मिल गई थी। भुवनेश्वर 4 साल बाद भारतीय टीम की जर्सी में गेंद डालने वाले थे लेकिन उनकी बॉलिंग आने से पहले ही मैच रद्द हो गया। 

 

बारिश ने वेस्टइंडीज के आरमानों पर भी पानी फेरा। कैरेबियाई टीम के पास 2002 के बाद पहली बार भारत में कोई सीरीज जीतने का मौका था लेकिन उसका इंतजार बढ़ गया।