भारतीय टीम इस महीने जिम्बाब्वे दौरे पर जाने वाली है। इस दौरे से पहले टीम इंडिया को तगड़ा झटका लगा है। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण 3 मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक उनकी जगह लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया जाएगा।

 

वरुण चोट के चलते इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी 2 मैचों से भी बाहर हो गए थे। वरुण चोट की जांच और रिहैब के लिए बेंगलुरु में स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) जाएंगे। तेज गेंदबाज हर्षित राणा के भी वहां पहुंचने की संभावना है। हर्षित भी हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं और उनका इंग्लैंड में होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज से बाहर होना लगभग तय है।

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना पर मेहरबानी? अब स्विट्जरलैंड ने उठाए सवाल

प्रिंस यादव को वनडे टीम में मिलेगा मौका

हर्षित राणा इसी हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप और IPL 2026 से बाहर हुए थे। आयरलैंड में टी20 सीरीज के दौरान उन्होंने वापसी की और इंग्लैंड में शुरुआती दो टी20 मैच खेले, जिसके बाद उन्हें फिर से चोट लग गई। अब उनकी जगह प्रिंस यादव को वनडे टीम में शामिल किया जाएगा। प्रिंस टीम के साथ इंग्लैंड में ही हैं।

बिश्नोई का हालिया प्रदर्शन अच्छा नहीं

भारतीय टीम में वापसी करते हुए बिश्नोई प्रभावित नहीं कर सके थे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में अपने कोटे के 4 ओवर में 60 रन लुटा दिए थे। बिश्नोई ने इस दौरान तीन बैकफुट नो-बॉल डाली और फ्री-हिट पर दो छक्के और एक चौका खाया। इसके बाद उन्हें प्लेइंग-XI से ड्रॉप कर दिया गया। जिम्बाब्वे दौरे पर वह लेग स्पिन अटैक की अगुवाई करते नजर आएंगे। उनके अलावा टीम में इकलौते स्पिनर हर्ष दुबे हैं।

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में कभी नहीं हारा अर्जेंटीना, इस बार बदलेगी कहानी?

 

जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी , अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर) 

जिम्बाब्वे दौरे पर टीम इंडिया का शेड्यूल 

  • पहला टी20- 23 जुलाई
  • दूसरा टी20- 25 जुलाई
  • तीसरा टी20- 26 जुलाई

सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार, शाम 4:30 बजे से हरारे में खेले जाएंगे।