भारतीय महिला हॉकी टीम ने 24 नवंबर 2026 को इतिहास रच दिया। टीम पहली बार FIH विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंची। अक्टूबर 2003 में विश्व रैंकिंग शुरू होने के बाद यह भारतीय टीम की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इस कामयाबी के साथ भारत एशिया की नंबर-1 महिला हॉकी टीम भी बन गया है। टीम के अब 3084.83 कुल अंक हैं।

 

साल 2026 भारतीय महिला हॉकी के लिए बेहद शानदार रहा है। टीम ने इस साल एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता। FIH नेशंस कप अपने नाम किया और हॉकी विश्व कप में भी अच्छा प्रदर्शन किया। इसके अलावा टीम लगातार 13 मैचों से अविजित चल रहा है।  इन्हीं कामयाबियों का असर अब विश्व रैंकिंग में भी दिखाई दिया है।

2003 में 13वें नंबर पर थी भारतीय टीम

जब अक्टूबर 2003 में FIH ने विश्व रैंकिंग की शुरुआत की थी। तब भारतीय महिला टीम 13वें स्थान पर थी। साल 2004 में टीम की रैंकिंग गिरकर 15वें नंबर पर पहुंच गई थी। यह अब तक की उसकी सबसे खराब रैंकिंग रही है।

 

इसके बाद नवंबर 2017 में महिला एशिया कप जीतने के बाद भारत पहली बार टॉप-10 में पहुंचा। तब टीम को 10वीं रैंकिंग मिली थी। साल 2018 में लंदन में हुए महिला विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद भारत 9वें नंबर पर आया था।

टोक्यो ओलंपिक के बाद 8वें नंबर पर पहुंचा भारत

भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में शानदार खेल दिखाया था। टीम ने पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में जगह बनाई था। टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने चौथा स्थान हासिल किया था। इसके बाद अगस्त 2021 में भारत की रैंकिंग सुधरकर 8वें नंबर पर पहुंची थी।

 

यह भी पढ़ें: युवी से आधे घंटे की बात और रचा इतिहास, वैभव सूर्यवंशी को ऐसे क्या टिप्स मिले?

 

साल 2022 में भी टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा। FIH प्रो लीग में शानदार खेल के दम पर भारत मई-जून 2022 में छठे स्थान पर पहुंचा था। इसके बाद नवंबर 2023 में रांची में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद टीम ने छठी रैंकिंग बरकरार रखी थी।

2026 में एशियन गेम्स का गोल्ड जीतकर रचा इतिहास

साल 2026 भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए यादगार रहा। जापान में हुए एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। भारत ने 1982 के बाद दूसरी बार एशियन गेम्स में महिला हॉकी का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। एशियन गेम्स में मिली इस कामयाबी ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया।

 

भारतीय टीम ने 2026 की शुरुआत FIH नेशंस कप जीतकर की थी। इसके बाद हॉकी विश्व कप में भी टीम ने दमदार खेल दिखाया। भारत ने जर्मनी को 3-1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया। 1974 में चौथे स्थान पर रहने के बाद विश्व कप में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

दुनिया की टॉप-5 महिला हॉकी टीमें

नवंबर 2026 की FIH विश्व रैंकिंग में नीदरलैंड्स पहले स्थान पर है। अर्जेंटीना दूसरे और बेल्जियम तीसरे नंबर पर है। स्पेन को चौथी रैंकिंग मिली है। वहीं, भारत पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

 

भोपाल में चल रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत ने चीन को 6-2 से हराया। बता दें कि चीन ने पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीता था। उसके खिलाफ मिली इस बड़ी जीत से भारत को रैंकिंग में अहम अंक मिले। भारतीय टीम लगातार 12 अंतरराष्ट्रीय मैच जीत चुकी है। वहीं पिछले 13 मैचों से टीम अजेय चल रही है। इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत 24 नवंबर को पहली बार विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंच पाया है।