भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार (25 अक्टूबर) को खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 121 रन से बड़ी जीत जीत दर्ज कर 2-0 से सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला और निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 328 रन बना डाले। हाल ही में सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने वाली हरमनप्रीत कौर ने 121 गेंद में 15 चौकों की मदद से 126 रन की पारी खेली। वनडे क्रिकेट में उनका यह आठवां शतक रहा।
दीप्ति शर्मा ने 86 गेंद में नाबाद 106 रन जड़े। उनके बल्ले से 15 चौके निकले। इससे पहले प्रतिका रावल ने 61 रन का योगदान दिया था। बल्ले से धमाल मचाने के बाद दीप्ति ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 32 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्हें युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा का बखूबी साथ मिला, जिन्होंने 39 रन देकर 4 विकेट चटकाए और जिम्बाब्वे को 207 पर समेट दिया।
जिम्बाब्वे की ओर से ओपनर मोडेस्टर मुपाचिकवा ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने 46 और बिलव्ड बिजा ने 34 रन का योगदान दिया। इसके अलावा जिम्बाब्वे का कोई बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना नहीं कर सका। भारत की ओर से दीप्ति और वैष्णवी के अलावा सयाली सतघरे, जिंतामणि कलिता और श्री चरणी भी सफल गेंदबाज रहीं। इन तीनों के खाते में 1-1 विकेट रहे।
यह भी पढ़ें: ललित सहरावत ब्रॉन्ज मेडल मैच में हारे, वर्ल्ड चैंपियनशिप से खाली हाथ लौटेंगे
ऐसी रही भारत की पारी
पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। कप्तान स्मृति मंधाना पहले ओवर में ही खाता खोले बगैर आउट हो गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा (8) भी चलते बनीं। टीम इंडिया 19 रन पर 2 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। यहां से प्रतिका और हरमनप्रीत ने टीम को संभाला। दोनों के बीच 124 रन की साझेदारी हुई।
यह भी पढ़ें: फ्रेंच ओपन: पीवी सिंधु खिताब से चूकीं, फाइनल में साउथ कोरिया की खिलाड़ी से हारीं
प्रतिका के आउट होने के बाद क्रीज पर आईं तेजल हसबनीस 3 रन बनाकर आउट हो गईं। भारतीय टीम का स्कोर 148/4 हो गया। यहां से हरमनप्रीत और दीप्ति ने 153 रन की साझेदारी कर टीम इंडिया को 300 के पार पहुंचाकर जिम्बाब्वे को मुकाबले से बाहर कर दिया।
